शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

तेजप्रताप ने अनुष्का के साथ रिश्तों और बच्चे की खबरों को बताया 'साजिश'

C

CG Khabar

10 फ़र. 2026, 02:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

तेजप्रताप-अनुष्का
तेजप्रताप-अनुष्का

पटना । डेस्क: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने अनुष्का यादव के साथ अपने कथित संबंधों और बच्चे की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. सोमवार को इन चर्चाओं पर चुप्पी तोड़ते हुए तेजप्रताप ने इसे अपनी छवि खराब करने की एक 'सुनियोजित साजिश' करार दिया. 


उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनके और अनुष्का के बच्चे होने की बात महज एक 'अफवाह' है और ऐसा झूठ फैलाने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगे.


तेजप्रताप ने इस मामले में अपने ही भाई तेजस्वी यादव के करीबी आरजेडी नेताओं मुकेश रोशन, संजय यादव, शक्ति सिंह और सुनील सिंह पर निशाना साधा है. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए यहाँ तक कह दिया कि मुकेश रोशन उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं. 


गौरतलब है कि पिछले साल मई में तेजप्रताप के सोशल मीडिया अकाउंट से अनुष्का के साथ एक तस्वीर साझा की गई थी, जिसके बाद लालू यादव ने उन्हें परिवार और पार्टी से निष्कासित कर दिया था. हालांकि, तेजप्रताप ने तब दावा किया था कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक हो गया था.


अनुष्का यादव का संबंध पटना के लंगरटोली निवासी मनोज यादव के परिवार से बताया जाता है. उनके भाई आकाश यादव को कभी तेजप्रताप ने ही आरजेडी छात्र शाखा का अध्यक्ष बनाया था, जिसे लेकर पार्टी में काफी विवाद हुआ था. 


तेजप्रताप की निजी जिंदगी भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है. साल 2018 में ऐश्वर्या राय के साथ हुई उनकी शादी कुछ ही महीनों में टूट गई थी, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच कानूनी और राजनीतिक कड़वाहट पैदा हो गई थी. फिलहाल, तेजप्रताप ने इन नए विवादों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए विरोधियों को चेतावनी दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP