सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

T20 वर्ल्ड कप: ICC ने ठुकराईं पाकिस्तान की 3 शर्तें

C

CG Khabar

09 फ़र. 2026, 04:36 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

क्रिकेट
क्रिकेट

लाहौर । डेस्क: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर तनाव चरम पर है. ताजा रिपोर्टों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की उन तीन प्रमुख मांगों को खारिज कर दिया है, जो उसने मैच खेलने के बदले शर्त के रूप में रखी थीं. 


रविवार को लाहौर में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में पीसीबी ने भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज, भारत-बांग्लादेश-पाकिस्तान के बीच त्रिकोणीय सीरीज और भारत के बांग्लादेश दौरे को लेकर दबाव बनाया था. हालांकि, आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया कि द्विपक्षीय सीरीज और दौरों का मामला उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर है.

विज्ञापन


बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अधिकारी भी मौजूद थे, जिनके समर्थन में पाकिस्तान ने आवाज उठाई. आईसीसी ने बांग्लादेश के राजस्व हिस्सेदारी को सुरक्षित रखने और महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी छिनने के बदले उन्हें भविष्य में अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी देने पर विचार करने का आश्वासन दिया है. 


अब गेंद पाकिस्तान के पाले में है और आईसीसी ने पीसीबी को अंतिम फैसला लेने के लिए 24 घंटे का समय दिया है. 


माना जा रहा है कि पीसीबी अध्यक्ष सोमवार शाम प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात करेंगे, जिसके बाद ही तय होगा कि पाकिस्तान कोलंबो में भारत के खिलाफ मैदान में उतरेगा या नहीं. 


टूर्नामेंट की बात करें तो दोनों टीमों ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है; पाकिस्तान ने नीदरलैंड को करीबी मुकाबले में हराया, जबकि भारत ने अमेरिका पर 29 रनों से जीत दर्ज की.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP