सीरिया: दो बसों की भिड़ंत में 35 लोगों की मौत, 30 अन्य घायल
नई दिल्ली । डेस्क: सीरिया में देअराज़ौर-दमिश्क राजमार्ग पर दो बसों के बीच हुई भीषण टक्कर में कम से कम 35 लोगों की जान चली गई और 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दर्दनाक हादसा अल-सुखना और पलमायरा के बीच स्थित मुख्य राजमार्ग पर शनिवार को हुआ.
यह 400 किलोमीटर से अधिक लंबा राजमार्ग पूर्वी सीरिया को राजधानी दमिश्क से जोड़ने वाला एक बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है.
गृह मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हुई बसों में से एक में आंतरिक सुरक्षा बलों (इंटरनल सिक्योरिटी फोर्सेज) के जवान सवार थे, जबकि दूसरी बस आम नागरिकों को लेकर जा रही थी.
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. घटनास्थल पर कई एम्बुलेंस तैनात की गईं, वहीं घायलों को त्वरित इलाज मुहैया कराने के लिए हेलीकॉप्टरों की मदद भी ली गई. सीरियाई अरब समाचार एजेंसी (SANA) के अनुसार, कई हेलीकॉप्टरों ने घायलों को एयरलिफ्ट कर होम्स मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
गौरतलब है कि पिछले 14 वर्षों से चले आ रहे गृहयुद्ध के कारण सीरिया का बुनियादी ढांचा पूरी तरह चरमरा चुका है, और इस राजमार्ग को भी बेहद असुरक्षित माना जाता है.
इस हादसे ने सीरिया में लगातार गिरते यातायात सुरक्षा मानकों को एक बार फिर उजागर कर दिया है.
आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया मंत्री राएद अल-सालेह के आंकड़ों के अनुसार, केवल इस साल जनवरी से सितंबर के बीच ही देश में 2,000 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं. अधिकारियों का कहना है कि सीरिया में सड़क हादसे अब मौतों के सबसे बड़े कारणों में से एक बन चुके हैं.