सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

ममता जो नहीं कर पाईं, वो शुभेंदु ने कर दिखाया: महुआ मोइत्रा

C

CG Khabar

24 जून 2026, 06:34 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

महुआ मोईत्रा
महुआ मोईत्रा

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है. कृष्णनगर से सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को धन्यवाद दिए जाने के बाद से राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म है. चर्चाएं तेज हो गईं कि क्या महुआ मोइत्रा भी अब विरोधी खेमे का दामन थामने जा रही हैं. 


हालांकि, बढ़ते विवादों के बीच महुआ मोइत्रा ने खुद सामने आकर अपने इस चौंकाने वाले बयान पर स्थिति स्पष्ट की है और बताया है कि उन्होंने आखिर शुभेंदु अधिकारी की तारीफ क्यों की.

विज्ञापन


महुआ मोइत्रा ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी अनजाने में तृणमूल कांग्रेस के 'शुद्धीकरण' में मदद कर रहे हैं. जो काम ममता बनर्जी अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के प्रति अत्यधिक भावुकता के कारण नहीं कर पाईं, वह काम शुभेंदु अधिकारी ने कर दिखाया है. 


उन्होंने दावा किया कि टीएमसी के भीतर जितने भी अयोग्य, भ्रष्ट और फर्जी लोग थे, उन्हें शुभेंदु ने अपने जरिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. 


महुआ के मुताबिक, भाजपा हमेशा कहती थी कि ममता बनर्जी अच्छी हैं, लेकिन उनके आसपास के लोग चोर-डाकू हैं. अब भाजपा ने उन सभी विवादित चेहरों को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है. ऐसे में भाजपा में जितने दागियों की संख्या बढ़ रही है, टीएमसी उतनी ही साफ-सुथरी और शुद्ध हो रही है.


इससे पहले एक साक्षात्कार में महुआ मोइत्रा ने अपनी ही पार्टी की रणनीतियों पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि ममता बनर्जी नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंधों को तरजीह देती हैं, जिसके कारण कई अयोग्य और अकर्मण्य लोगों को भी टिकट मिल गया. यही पार्टी की सबसे बड़ी विफलता रही. इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के कैडर और अनुशासन की सराहना भी की थी.


शुभेंदु अधिकारी के साथ अपने पुराने दिनों को याद करते हुए महुआ भावुक भी नजर आईं. उन्होंने बताया कि साल 2014 में जब उन्हें टिकट नहीं मिला था, तब शुभेंदु ने ही एक भाई की तरह उन्हें संभाला था. 


करीमपुर में उनके पहले चुनाव प्रचार की कमान भी शुभेंदु ने ही संभाली थी. हालांकि, अब रास्ते अलग होने के कारण दोनों में बातचीत नहीं होती है. महुआ के इस बयान ने बंगाल चुनाव के बाद की राजनीतिक तल्खी को एक नया मोड़ दे दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP