सूरजपुर: जमीन विवाद में महिला को 'टोनही' बताकर किया निर्वस्त्र, पेड़ से बांधकर पीटा
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रामानुजनगर क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक 40 वर्षीय आदिवासी महिला को प्रताड़ित किया गया. आरोपियों ने पीड़िता पर 'टोनही' (डायन/जादू-टोना करने वाली) होने का आरोप लगाकर उसे निर्वस्त्र कर दिया, पेड़ से बांधा और बेरहमी से मारपीट की.
यह घटना शनिवार सुबह की है जब महिला अपने घर के बाड़े में उड़द की फलियां तोड़ रही थी. तभी पड़ोसन ने आकर उससे गाली-गलौज करते हुए उस पर टोना-टोटका करने का आरोप लगाया. कुछ ही देर में पड़ोसन की बहू और दो अन्य महिलाएं भी वहां पहुंच गईं. चारों ने मिलकर महिला पर हमला किया, उसे कपड़े उतारकर आम के पेड़ से बांध दिया और लाठियों-डंडों से पीटा.
महिला के चीखने-चिल्लाने पर रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों और पीड़िता के परिजनों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया. हमले में महिला के सिर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.
जांच अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से संपत्ति और जमीन का विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के तहत महिला को निशाना बनाने के लिए अंधविश्वास और 'टोनही' के आरोपों का सहारा लिया गया.
पीड़िता के पति की शिकायत पर रामानुजनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं तथा 'छत्तीसगढ़ टोंही प्रताड़ना निवारण अधिनियम' के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 19 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस फिलहाल प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.