शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: समाज में वापसी के नाम पर 2 लाख रुपये की वसूली, पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार

C

CG Khabar

15 अक्टू. 2026, 04:55 AM 2 मिनट में पढ़ें 17

जेल
जेल

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर में समाज में वापस शामिल करने के एवज में 2 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने का एक गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और अदालत के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए समाज के पूर्व अध्यक्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.


मिली जानकारी के मुताबिक, बटूराबहार निवासी गोपाल बंजारा (31) को उनके समाज से बेदखल कर दिया गया था. जब पीड़ित ने समाज में पुन: शामिल करने का अनुरोध किया, तो पूर्व अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, पूर्व सचिव महेंद्र बंजारा, वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और वर्तमान सचिव श्यामलाल बंजारा ने उनसे 2 लाख रुपये की मांग की. 


एफआईआर के अनुसार, पीड़ित ने 23 सितंबर 2022 को फोनपे के जरिए ₹1 लाख का भुगतान किया, जिसमें से ₹60,000 उन्होंने अपने खाते से और ₹40,000 अपने दोस्त के बैंक खाते से शेखर प्रसाद बंजारा को भेजे थे.


पैसे देने के बाद भी जब आरोपियों ने बाकी की रकम के लिए दबाव बनाना जारी रखा, तो पीड़ित ने अदालत का रुख किया. न्यायिक मजिस्ट्रेट कोरबा के निर्देश पर सिविल लाइंस रामपुर थाना, कोरबा में मामला दर्ज किया गया, जिसे बाद में जांच के लिए पत्थलगांव थाने में स्थानांतरित कर दिया गया.


पत्थलगांव एसडीओपी दुर्वेश जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 308(2), 61(2), 3(5) और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(2) के तहत अपराध दर्ज किया है. मामले में मुख्य आरोपी शेखर प्रसाद बंजारा (32) को 13 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP