शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर: 3 महीने के मासूम को मां ने 1.8 लाख रुपये में बेचा, पश्चिम बंगाल से रेस्क्यू

C

CG Khabar

15 अक्टू. 2026, 04:11 AM 2 मिनट में पढ़ें 14

गिरफ्तार
गिरफ्तार

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शराब की लत में डूबी एक मां ने अपने महज 3 महीने के नवजात बेटे को 1.8 लाख रुपये में बेच दिया. लगभग 7 महीने बाद जशपुर पुलिस की विशेष टीम ने बच्चे को पश्चिम बंगाल से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है और उसे चाइल्डलाइन की देखरेख में सौंप दिया गया है.


पुलिस ने इस मानव तस्करी के मामले में आरोपी मां यशोदा यादव, बिचौलिए सुकरू आलम और पश्चिम बंगाल के खरीदार शेख अलविन समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. 


पूछताछ में सामने आया कि खरीदार ने अपनी बेटी के लिए यह बच्चा खरीदा था, क्योंकि उसकी केवल बेटियां ही थीं.


घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चे की दादी लक्ष्मी बाई ने अगस्त महीने में जशपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. 


शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. 


पुलिस की जांच में सबसे पहले दलाल सुकरू आलम पकड़ा गया, जिसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर 10 महीने के हो चुके मासूम को सकुशल बचा लिया. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के पुराने रिकॉर्ड और अन्य आरोपी महिलाओं की भूमिका की गहन जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP