सपनों की उड़ान में सबसे बड़ा रोड़ा है नशा, 'मन की बात' में बोले PM मोदी
'मन की बात' के 140वें एपिसोड में पीएम मोदी ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया. दिल्ली के एक युवक ने बताया कि कैसे स्कूल के दिनों में लगी नशे की लत ने उसे सड़कों पर ला दिया था और दृढ़ इच्छाशक्ति से उसने इसे मात दी.
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत देश के युवाओं की आकांक्षाओं के सामने एक बड़ी चुनौती है. समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, उन्होंने इस समस्या के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए समाज द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि देश के लिए यह आवश्यक है कि युवा नशे और इसकी लत से दूर रहें.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की व्यापक चर्चा हो रही है और हमारे युवा बड़े सपने देख रहे हैं तथा उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन नशा और नशे की लत इन आकांक्षाओं के लिए एक बड़ी चुनौती हैं.
उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि आज देश में इसके प्रति जागरूकता बढ़ रही है और 'नशा मुक्त युवा अभियान' भी पूरे जोर-शोर से चल रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे कई प्रेरक उदाहरण सामने आए हैं जहां युवाओं ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर नशे की लत पर काबू पाया है, कठिन लड़ाई लड़ी है और इससे बाहर निकलकर अपने जीवन को एक नई दिशा दी है.
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने नशे की लत के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले एक युवक के साथ हुई बातचीत भी साझा की. युवक ने प्रधानमंत्री को अपनी कहानी सुनाते हुए बताया कि दिल्ली के सदर बाजार इलाके में स्कूल की पढ़ाई के दौरान उसे नशे की लत लग गई थी. युवक ने बताया कि बचपन में पिता के निधन के बाद से वह अपने नाना-नानी के साथ रहता था, जिन्हें उससे काफी उम्मीदें थीं. वह घर से किताबों, फीस और पिकनिक के नाम पर पैसे लेता था, लेकिन उन पैसों को नशे पर खर्च कर देता था.
युवक ने आगे बताया कि जल्द ही उसकी मां और फिर नानी का भी निधन हो गया, जो उसके लिए एक बड़ा सदमा था क्योंकि उसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं बचा था. नशे के कारण उसने सबसे बुरा दौर देखा, कई दिन सड़कों पर बिताए और खाने के लिए कुछ न होने पर भंडारों व लंगरों के सहारे जीवित रहा.
उसने कहा कि ऐसा लग रहा था मानो मौत करीब आ रही है और उसे अपने साथ ले जाना चाहती है, लेकिन उसने ऐसा नहीं होने दिया. इसके बाद वह एक पुनर्वास केंद्र में गया, जहां इलाज के बाद उसे दोबारा नशे की लत लग गई थी, लेकिन समय के साथ वह इस पर काबू पाने में सफल रहा.
युवक की कहानी सुनने के बाद पीएम मोदी ने नशे को हराने पर उसे बधाई दी और कामना की कि वह दोबारा इसकी चपेट में न आए. प्रधानमंत्री ने युवक से यह संकल्प लेने को कहा कि वह जिस किसी से भी मिले, उसे यह सीख दे कि यह रास्ता गलत है.
पीएम मोदी ने कहा कि युवक ने यह दिखा दिया है कि इच्छाशक्ति के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता और उसके शब्द कई युवाओं को ताकत देंगे, क्योंकि परिवार और देश के लिए यह जरूरी है कि युवा नशे से दूर रहें.