परफ्यूम की बोतलों में तरल सोना! मुंबई एयरपोर्ट पर पहली बार पकड़ा गया ऐसा अनोखा तरीका
मुंबई एयरपोर्ट पर 28 और 29 नवंबर के बीच 10 यात्रियों से 2.9 किलोग्राम 24 कैरेट सोना बरामद किया गया. तस्करों ने परफ्यूम की बोतलों में तरल सोने के अलावा ट्रॉली बैग के पेच, तार, पहियों और ईयरबड्स के अंदर भी सोना छिपाया था.
मुंबई । डेस्क: मुंबई कस्टम विभाग ने देश में अपनी तरह के पहले मामले का खुलासा करते हुए परफ्यूम की बोतलों के जरिए हो रही सोने की तस्करी को पकड़ा है. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. इस कार्रवाई के दौरान 10 यात्रियों के पास से छिपाकर लाया गया 2.9 किलोग्राम 24 कैरेट सोना जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 3.05 करोड़ रुपये आंकी गई है.
कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) के अधिकारियों ने 28 और 29 नवंबर के बीच मुंबई एयरपोर्ट पर यह जब्ती की.
तस्करी के इस अनोखे तरीके में आरोपियों ने परफ्यूम की बोतलों के अंदर तरल रूप में सोना छिपाया था, जो देश में अपनी तरह का पहला मामला है.
इसके अलावा, अधिकारियों ने जांच के दौरान ट्रॉली बैग के पेच, तार, बैग के पहियों और ईयरबड्स के अंदर छिपाए गए पुर्जों में भी सोना बरामद किया.
जब्त किए गए सोने का कुल शुद्ध वजन 2.9 किलोग्राम है. अधिकारी के अनुसार, इस पूरे मामले में आगे की जांच जारी है.