Delhi-NCR समेत उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली-एनसीआर, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के कई इलाकों में शनिवार शाम को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी गई. भूकंप का मुख्य केंद्र अफगानिस्तान का हिंदू कुश क्षेत्र था.
जमीन के अंदर इसकी गहराई करीब 100 किलोमीटर थी. झटके इतने तेज थे कि भारत की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (एनसीआर) में लोग दहशत के मारे अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए.
अफगानिस्तान से सटे पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी इसका व्यापक असर देखने को मिला. उत्तरी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में लोग डर के साए में सड़कों पर भागते नजर आए.
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, भूकंप के झटके काफी तेज थे और यह काफी देर तक महसूस किए गए, जिससे महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई.
हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी देश से जान-माल के बड़े नुकसान की कोई तात्कालिक रिपोर्ट सामने नहीं आई है. गौरतलब है कि इससे ठीक पहले शनिवार को ही पाकिस्तान में 5.4 तीव्रता का एक और भूकंप का झटका महसूस किया गया था.