सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

शेख हसीना का संकल्प: 2026 में 'अंधकार' से मुक्त होगा बांग्लादेश

C

CG Khabar

01 जन. 2026, 08:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

शेख हसीना
शेख हसीना

नई दिल्ली । डेस्क: बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने नए साल 2026 के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक कड़ा संदेश जारी किया है. अवामी लीग के आधिकारिक 'X' हैंडल पर साझा किए गए इस संदेश में उन्होंने नागरिकों से देश को "अंधकार के सफर" से बचाने के लिए एकजुट होने की अपील की है. 


अपने संबोधन में शेख हसीना ने वर्तमान शासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अवैध कब्जाधारियों ने भ्रष्टाचार और निजी स्वार्थों के चलते पूरे देश को बंधक बना लिया है और इसे संकट की ओर धकेल दिया है. 

विज्ञापन


उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश की पहचान और मुक्ति संग्राम के इतिहास को मिटाने की साजिश रची जा रही है, जिसके कारण अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि धूमिल हुई है और आर्थिक स्थिति चरमरा गई है.


शेख हसीना ने अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि जब भी देश पर संकट आया है, यहां के लोगों ने धर्म, जाति और भाषा के भेदभाव को भुलाकर एकजुटता दिखाई है. 


उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 का यह साल बदलाव लेकर आएगा और जनता मौजूदा कठिनाइयों का अंत करेगी. 


अपने संदेश के अंत में उन्होंने "जॉय बांग्ला, जॉय बंगबंधु" के नारे के साथ सभी की सुख-समृद्धि की कामना की और उम्मीद जताई कि नया साल गलतियों को सुधारने और देश में शांति व स्थिरता बहाल करने का वर्ष साबित होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP