समस्तीपुर: किशोरी से छेड़खानी और मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार
पटना । डेस्क: बिहार के जमुई में हुई घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि समस्तीपुर जिले से भी ऐसी ही एक स्तब्ध करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक किशोरी और उसके दोस्त को घेरकर कुछ युवकों द्वारा बदसलूकी, मारपीट और छेड़खानी करने का आरोप लगा है. इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया.
हालांकि, इस बार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगसिंहपुर गांव के पास डैम बाईपास मार्ग पर हुई. पीड़िता अपने दोस्त के साथ बाइक से घूम रही थी और तस्वीरें ले रही थी.
उसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने उन्हें घेर लिया और पूछताछ के नाम पर गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर युवकों ने किशोर के साथ मारपीट की और किशोरी के साथ खींचतान व छेड़खानी की. इस दौरान कुछ युवक मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, जिसे बाद में इंटरनेट पर अपलोड कर दिया गया.
वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित छापेमारी की गई. पुलिस अधिकारी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर पहचान कर चार आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है.
गौरतलब है कि इससे पहले 19 सितंबर को जमुई के मड़वा पहाड़ी इलाके में भी दसवीं कक्षा के दो छात्रों के साथ ऐसी ही घटना हुई थी, जिसमें अब तक कई आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले चुकी है. जमुई मामले पर जारी राजनीतिक घमासान के बीच समस्तीपुर की इस पुनरावृत्ति ने राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.