शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दंतेवाड़ा में बच्चों संग क्रिकेट खेलेंगे सचिन तेंदुलकर, करेंगे स्टेडियम का उद्घाटन

C

CG Khabar

21 अप्रै. 2026, 06:44 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सचिन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर

दंतेवाड़ा । संवाददाता: क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के प्रवास पर रहेंगे. जहां वे अपनी पारिवारिक मौजूदगी में स्थानीय बच्चों और शिक्षकों के साथ समय बिताएंगे. 


मास्टर ब्लास्टर का यह दौरा जिले के खेल परिदृश्य को बदलने के उद्देश्य से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. तय कार्यक्रम के अनुसार, तेंदुलकर गीदम स्थित ऑडिटोरियम में शिक्षा जगत से जुड़े लोगों और विद्यार्थियों से संवाद करेंगे, जबकि पनेड़ा मैदान में वे स्वयं बल्ला थामकर बच्चों के साथ मैच भी खेलेंगे. 


इसके अलावा, उनके छिंदनार गांव और जावंगा जाने की भी योजना है. इस दौरान वे पनेड़ा में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण करेंगे और छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का अवलोकन कर उन्हें प्रोत्साहित करेंगे. 


सचिन तेंदुलकर की संस्था जिले के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही है, जिसके तहत दंतेवाड़ा के विभिन्न स्कूलों, आश्रमों और पोटाकेबिनों में 15 बहुउद्देशीय खेल मैदान विकसित किए गए हैं. 

खेल गतिविधियों को पेशेवर स्तर पर ले जाने के लिए 15 स्थानीय शिक्षकों को मुंबई में विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है. 


दंतेवाड़ा जैसे सुदूर अंचल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी का आना और जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना इस क्षेत्र की बदलती तस्वीर को बयां करता है. शासन और प्रशासन ने इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, ताकि सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सकें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP