सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमला: 4 भारतीय नाविकों की मौत, 1 गंभीर

C

CG Khabar

20 जुल. 2026, 04:42 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

रणधीर जायसवाल
रणधीर जायसवाल

नई दिल्ली । डेस्क: यूक्रेन के दक्षिणी बंदरगाह ओडेसा के पास अनाज ले जा रहे एक कमर्शियल कार्गो शिप (मालवाहक जहाज) पर भीषण मिसाइल हमला हुआ है. इस हमले में जहाज पर सवार चार भारतीय नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. 


भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है.

विज्ञापन


विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह घटना 19 जुलाई की शाम को उस समय हुई जब 'एमवी गोल्डन लियो' (MV Golden Leo) नाम का यह मालवाहक जहाज ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहा था. इस दौरान जहाज पर तीन क्रूज मिसाइलें दागी गईं. 


गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले इस जहाज का स्वामित्व मुंबई की कंपनी 'ओशन ग्रेस शिपिंग लिमिटेड' के पास है, और इस पर भारत तथा सीरिया के चालक दल (क्रू मेंबर्स) सवार थे.


यूक्रेन के नौसेना और बंदरगाह प्राधिकरण के मुताबिक, इस रूसी मिसाइल हमले में कुल 10 लोगों की जान गई है, जिनमें चार भारतीय नाविक और एक स्थानीय मैरीटाइम पायलट शामिल हैं. जहाज पर कुल 17 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनमें से रात भर चले खोज और बचाव अभियान के बाद आठ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है.


मारे गए चार भारतीयों में केरल के कासरगोड जिले के वेल्लारीकुंडु के रहने वाले 26 वर्षीय अखिल ज्‍यान भी शामिल हैं, जो अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे. विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जा रही है.


भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना, बेकसूर क्रू मेंबर्स की जान जोखिम में डालना और अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता में बाधा डालना बेहद निंदनीय है और इससे बचा जाना चाहिए. इस हमले को लेकर फिलहाल मॉस्को की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP