जयपुर में हुए हमले के पीछे RSS का हाथ- CJP प्रमुख
नागपुर । डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दिपके का दावा है कि सोमवार को जयपुर में एक प्रदर्शन के दौरान उन पर हुआ हमला RSS से जुड़े लोगों ने करवाया था. उन्होंने कहा कि इस हमले का मुख्य उद्देश्य NEET (UG) पेपर लीक मामले से आम जनता का ध्यान भटकाना और छात्रों की आवाज को दबाना था.
यह बयान उन्होंने नागपुर हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद दिया. CJP आज शाम 4 बजे नागपुर के संविधान चौक पर एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रही है, जिसमें NEET (UG) पेपर लीक घोटाले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जाएगी.
क्या है पूरा मामला?
सोमवार को जयपुर में प्रदर्शन के दौरान जब समर्थक अभिजीत दिपके को अपने कंधों पर उठाए हुए थे, तब दो अज्ञात युवकों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें कई थप्पड़ मारे. इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है.
जब दिपके से इस हमले के पीछे के साजिशकर्ताओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सीधे तौर पर RSS का नाम लिया. दिपके ने कहा, "इस हमले के पीछे RSS के लोग थे और इसमें कुछ भी नया नहीं है. जब भी कोई इस सरकार या उनकी विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाता है, तो वे ऐसा ही करते हैं."
आरोपों पर दी सफाई
RSS से पुराने संबंधों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दावों पर पलटवार करते हुए दिपके ने सवाल किया, "अगर ऐसा था, तो उन्होंने कल मुझ पर हमला क्यों किया?" उन्होंने साफ किया कि वे इन हमलों से डरने वाले नहीं हैं. दिपके ने कहा, "हम महात्मा गांधी और बाबासाहेब आंबेडकर के दिखाए रास्ते पर चल रहे हैं. यह हमारा सत्याग्रह है और हम शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे."