दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस को रेलवे ने नियमित किया
बिलासपुर । संवाददाता: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में लंबे समय से स्पेशल ट्रेन के तौर पर संचालित हो रही हटिया-दुर्ग-हटिया द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन को अब रेलवे ने स्थायी (नियमित) करने का फैसला किया है. इस बदलाव के बाद अब यह गाड़ी 'स्पेशल' टैग हटाकर एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में पटरी पर दौड़ेगी, जिससे यात्रियों को टिकट बुकिंग और यात्रा की प्लानिंग करने में काफी सहूलियत होगी.
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अब यह ट्रेन नए नंबरों के साथ संचालित की जाएगी. हटिया से दुर्ग जाने वाली ट्रेन का नया नंबर 18641 होगा, जो 2 अप्रैल से हर मंगलवार और गुरुवार को रवाना होगी. वहीं, वापसी में दुर्ग से हटिया जाने वाली गाड़ी संख्या 18642 आगामी 3 अप्रैल से प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को अपनी सेवाएं देगी.
सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में आधुनिक 15 एलएचबी (LHB) कोच लगाए गए हैं. इसमें स्लीपर और जनरल क्लास के साथ-साथ एसी-2 और एसी-3 टियर की व्यवस्था भी की गई है.
समय-सारिणी की बात करें तो 18641 हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस रात 8 बजे हटिया से चलकर अगले दिन सुबह 6:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी. इसी तरह, 18642 दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस शाम 7:35 बजे दुर्ग से छूटकर अगली सुबह 7:15 बजे हटिया स्टेशन पहुंचेगी.
अपने रूट पर यह ट्रेन रायपुर, बिलासपुर, भाटापारा, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा और राउरकेला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेगी, जिससे छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.