सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कतर गैस फैक्ट्री धमाका: भारतीयों सहित 13 लोगों की मौत, 66 घायल

C

CG Khabar

22 जून 2026, 06:48 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

कतर गैस टर्मिनल में धमाका
कतर गैस टर्मिनल में धमाका

दोहा । डेस्क: कतर के रास लफान इंडस्ट्रियल सिटी में एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है, जहाँ रविवार शाम एक गैस आपूर्ति संयंत्र में भीषण विस्फोट और आग लगने से भारतीयों समेत कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे में विभिन्न देशों के 66 अन्य लोग घायल हुए हैं. 


कतर के ऊर्जा मंत्री और कतरएनर्जी के सीईओ साद बिन शरीदा अल-काबी ने सोमवार को राजधानी दोहा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस घटना की पुष्टि की और इसे एक औद्योगिक दुर्घटना बताया.

विज्ञापन


यह धमाका रास लफान इंडस्ट्रियल सिटी के बारजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में उस समय हुआ जब परिचालन शुरू करने का काम चल रहा था. कतर के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह कामकाज के दौरान आई तकनीकी खराबी बताई जा रही है. 


हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि इस हादसे के बाद किसी भी तरह का गैस रिसाव दर्ज नहीं हुआ है और सार्वजनिक सुरक्षा या पर्यावरण को कोई खतरा नहीं है. राहत और बचाव कार्य पूरा कर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.


इस घटना में हताहत हुए लोग भारत, कतर, तंजानिया, पाकिस्तान, गिनी, नेपाल, बांग्लादेश, केन्या और नाइजीरिया सहित कई देशों के नागरिक हैं. हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कतर स्थित भारतीय दूतावास ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं. 


दूतावास ने बयान जारी कर कहा कि वे कतरी अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी. आपातकालीन स्थिति के लिए भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर (+974-55647502, +975-55384683) और ईमेल (cons.doha@mea.gov.in) भी जारी किया है.


वैश्विक स्तर पर देखें तो इस ब्लास्ट का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है. दरअसल, ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण के बाद कतर से होने वाली शिपमेंट रुक गई थी, जिससे कतर को अपना उत्पादन बंद करना पड़ा था. 


हाल ही में युद्ध समाप्ति की वार्ताओं के बीच ईरान के रुख में आई नरमी के बाद कतर ने अपने एक्सपोर्ट टर्मिनल को दोबारा शुरू करने का प्रयास किया था, लेकिन इस रीस्टार्ट प्रक्रिया के दौरान ही यह बड़ा हादसा हो गया. फिलहाल प्रशासन तकनीकी कारणों की सटीक जांच में जुटा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP