पोलावरम : CAG ने कहा, छत्तीसगढ़-ओडिशा के साथ सुलझाएं डूब क्षेत्र का मुद्दा
पोलावरम प्रोजेक्ट: CAG ने कहा, छत्तीसगढ़-ओडिशा के साथ सुलझाएं डूब क्षेत्र का मुद्दा
विजयवाड़ा । डेस्क: भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) ने आंध्र प्रदेश की महत्वाकांक्षी पोलावरम सिंचाई परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर राज्य सरकार को कड़ी चेतावनी और सुधारात्मक सलाह दी है. वर्ष 2017-18 से 2022-23 की अवधि के लिए जारी अपनी 'परफार्मेंस ऑडिट' रिपोर्ट में CAG ने स्पष्ट किया है कि यदि परियोजना को समय पर पूरा करना है, तो आंध्र प्रदेश सरकार को छत्तीसगढ़ और ओडिशा के साथ डूब क्षेत्र से जुड़े विवादों को पोलावरम प्रोजेक्ट अथॉरिटी के साथ मिलकर प्राथमिकता पर हल करना होगा.
रिपोर्ट के अनुसार, पड़ोसी राज्यों में गांवों को जलमग्न होने से बचाने के लिए सुरक्षात्मक तटबंधों का निर्माण अनिवार्य है, लेकिन 2014-15 की समय सीमा बीत जाने के बावजूद अभी तक इन राज्यों में जन सुनवाई न होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है.
CAG ने वित्तीय प्रबंधन और बजटीय आवंटन पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. ऑडिट में पाया गया कि 2018-19 की तुलना में 2019-23 के दौरान राज्य सरकार की ओर से परियोजना को मिलने वाली बजटीय सहायता में भारी कमी आई है. रिपोर्ट में राज्य को पर्याप्त फंड सुनिश्चित करने और आवंटित धन का इष्टतम उपयोग करने की सिफारिश की गई है.
इसके अलावा, CAG ने टेंडर प्रक्रिया में बरती गई अनियमितताओं का भी पर्दाफाश किया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि कई कार्यों को नियमों का उल्लंघन कर 'नॉमिनेशन आधार' पर आवंटित किया गया और रिवर्स टेंडरिंग की प्रक्रिया को दरकिनार कर चुनिंदा एजेंसियों को लाभ पहुँचाया गया.
CAG ने सरकार को इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट कंस्ट्रक्शन (EPC) अनुबंधों को पारदर्शी बनाने और ठेकेदारों को अनुचित लाभ रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का निर्देश दिया है.
रिपोर्ट में सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण में तेजी लाने और केंद्रीय जल आयोग से वितरण नेटवर्क के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को जल्द मंजूरी दिलाने पर जोर दिया गया है.
CAG ने राज्य सरकार को स्पष्ट हिदायत दी है कि वह राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर डूब क्षेत्र में आने वाली भूमि, प्रभावित परिवारों (PDFs) और पुनर्वास (R&R) के लिए आवश्यक जमीन का सटीक निर्धारण करे.
गौरतलब है कि पोलावरम सिंचाई परियोजना आंध्र प्रदेश में गोदावरी नदी पर निर्मित की जा रही एक बहुउद्देशीय राष्ट्रीय परियोजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य के सिंचाई, जलविद्युत और पेयजल संकट को दूर करना है.
इस परियोजना के माध्यम से लगभग 7.2 लाख एकड़ भूमि की सिंचाई, 960 मेगावाट बिजली का उत्पादन और विशाखापत्तनम जैसे शहरों को औद्योगिक व घरेलू उपयोग के लिए पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
इसके विशाल जलाशय और नहर प्रणाली के जरिए गोदावरी नदी के अतिरिक्त पानी को कृष्णा नदी बेसिन में मोड़ने की भी योजना है. हालांकि, यह परियोजना लंबे समय से अपनी निर्माण लागत में वृद्धि, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे पड़ोसी राज्यों के साथ डूब क्षेत्र से जुड़े विवादों और प्रभावित हजारों परिवारों के पुनर्वास (R&R) की चुनौतियों के कारण चर्चा में बनी रहती है.
ऑडिट में जोर दिया गया है कि जलाशय में पानी भरने से पहले सभी प्रभावित परिवारों का पुनर्वास कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए ताकि मानवीय संकट से बचा जा सके और संशोधित लागत अनुमानों को केंद्र सरकार से शीघ्र मंजूरी मिल सके.
पोलावरम परियोजना को लेकर छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच मुख्य विवाद सुकमा जिले के डूब क्षेत्र और आदिवासियों के विस्थापन से जुड़ा है. छत्तीसगढ़ सरकार का तर्क है कि इस बांध के निर्माण से सुकमा के लगभग 9 गांव और करीब 2,475 हेक्टेयर भूमि जलमग्न हो जाएगी, जिससे हजारों आदिवासियों की आजीविका और संस्कृति पर संकट खड़ा हो जाएगा.
इसके अलावा, गोदावरी की सहायक शबरी नदी में बैकवाटर के स्तर में वृद्धि से क्षेत्र में भीषण बाढ़ का खतरा बना रहता है. राज्य सरकार का आरोप है कि आंध्र प्रदेश ने बांध की ऊंचाई और डिजाइन में बदलाव करते समय उनकी सहमति नहीं ली और न ही प्रभावित क्षेत्रों में उचित जन सुनवाई की गई.