पीएम मोदी आज करेंगे नए PMO 'सेवा तीर्थ' का उद्घाटन
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 13 फरवरी 2026 को, नए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) 'सेवा तीर्थ' और नवनिर्मित केंद्रीय सचिवालय भवनों कर्तव्य भवन 1 और 2 का उद्घाटन करेंगे.
इस ऐतिहासिक बदलाव के साथ ही दशकों से सत्ता का केंद्र रहे 'साउथ ब्लॉक' से प्रधानमंत्री कार्यालय की विदाई हो जाएगी. पीएम मोदी आज साउथ ब्लॉक के ऐतिहासिक परिसर में केंद्रीय कैबिनेट की अंतिम बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसके बाद पीएमओ को नए 'सेवा तीर्थ' परिसर में स्थानांतरित कर दिया जाएगा.
विदेशी और रक्षा मंत्रालयों को संजोने वाला साउथ ब्लॉक और गृह एवं वित्त मंत्रालयों का ठिकाना रहा नॉर्थ ब्लॉक अब खाली कर दिए जाएंगे.
एडविन लुटियंस के सहयोगी हरबर्ट बेकर द्वारा डिजाइन किए गए ये भवन ब्रिटिश काल से लेकर स्वतंत्र भारत की अब तक की यात्रा के गवाह रहे हैं.
नई व्यवस्था के तहत, 'सेवा तीर्थ' में न केवल पीएमओ होगा, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय को भी एक ही छत के नीचे लाया गया है.
वहीं, कर्तव्य भवन 1 और 2 में वित्त, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि सहित कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों के कार्यालय संचालित होंगे.
4-स्टार गृह (GRIHA) मानकों पर आधारित ये नए भवन आधुनिक तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और स्मार्ट सुरक्षा प्रणालियों से लैस हैं, जो भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकताओं को पूरा करने और सरकारी कामकाज में दक्षता लाने के लिए तैयार किए गए हैं.