भारत-ईयू FTA को पीएम मोदी ने बताया 'मदर ऑफ ऑल डील्स'
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की घोषणा की है जिसे "मदर ऑफ ऑल डील्स" कहा जा रहा है. भारतीय ऊर्जा सप्ताह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि यह समझौता दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण है.
यह व्यापार समझौता वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का एक तिहाई हिस्सा कवर करता है. पीएम मोदी ने कहा कि इस समझौते से 140 करोड़ भारतीयों और करोड़ों यूरोपीय नागरिकों के लिए अवसरों के नए द्वार खुलेंगे, विशेषकर कपड़ा, रत्न एवं आभूषण, चमड़ा और फुटवियर जैसे क्षेत्रों से जुड़े युवाओं और पेशेवरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
यह समझौता ऐसे समय में हुआ है जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2024-25 में 190 अरब डॉलर को पार कर चुका है. प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि इस समझौते से न केवल भारत में विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सेवा क्षेत्र का भी विस्तार होगा और वैश्विक निवेशकों का भारत के प्रति भरोसा और मजबूत होगा.
समिट के दौरान यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत की सराहना की. इस यात्रा के दौरान दोनों ईयू नेताओं ने भारत के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी.
व्यापार के साथ-साथ दोनों पक्षों के बीच रक्षा आपूर्ति श्रृंखलाओं को एकीकृत करने पर भी गंभीर चर्चा हुई है, जिससे आने वाले समय में एक भरोसेमंद रक्षा इकोसिस्टम विकसित किया जा सके.