सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

MP के कटनी में 'पेशाब कांड': SC समुदाय के व्यक्ति पर पेशाब किया

C

CG Khabar

16 अक्टू. 2025, 05:39 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

कटनी रेलवे स्टेशन
कटनी रेलवे स्टेशन

कटनी । डेस्क: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में अनुसूचित जाति (SC) समुदाय के एक व्यक्ति ने सरपंच और तीन अन्य लोगों पर मारपीट करने, पेशाब करने और जातिगत गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाया है. यह घटना ग्राम पंचायत कार्यालय के निर्माण कार्य में अवैध रूप से खनन की गई गिट्टी के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के बाद हुई.


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 13 अक्टूबर को बहोरीबंद थाना क्षेत्र के मटवारा गांव में हुई. पीड़ित राजकुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने पंचायत भवन निर्माण में उनके खेत के पास से हो रहे अवैध खनन का विरोध किया, तो सरपंच रामानुज पांडे और तीन अन्य – राम बिहारी पांडे, पवन पांडे और सतीश पांडे – ने उनके साथ मारपीट की और उन पर पेशाब किया.

विज्ञापन


कटनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) संतोष डेहरिया ने गुरुवार (16 अक्टूबर, 2025) को बताया कि चौधरी की शिकायत पर सरपंच समेत चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. 


ASP ने कहा कि घटना सार्वजनिक रूप से हुई थी और पुलिस अन्य स्थानीय लोगों से साक्ष्य जुटा रही है. आरोपियों की तलाश जारी है.


हालांकि, एएसपी डेहरिया ने यह भी बताया कि चौधरी की शिकायत से पहले, उसी दिन सरपंच की ओर से भी चौधरी के खिलाफ गाली-गलौज और धमकी देने का एक अलग मामला दर्ज कराया गया था. दोनों शिकायतों पर केस दर्ज कर लिया गया है.


गौरतलब है कि जुलाई 2023 में सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद देशव्यापी आक्रोश फैल गया था, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया गया था. कटनी की इस घटना ने एक बार फिर उस दर्दनाक वाकये की याद दिला दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP