ओडिशा: सरेंडर की इच्छा जताने पर माओवादी नेता की हत्या
कंधमाल । डेस्क: प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के भीतर बढ़ती हताशा और आंतरिक अविश्वास का एक खौफनाक मामला सामने आया है. ओडिशा के कंधमाल जिले के घने जंगलों में एक उच्च स्तरीय माओवादी कैडर, अन्वेष की उसके अपने ही नेता ने सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने की इच्छा जताई थी.
22 लाख रुपये के इनामी अन्वेष का शव बुधवार, 25 फरवरी 2026 को दारिंगबाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के ताराबाड़ी जंगल से बरामद कर लिया गया है.
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ के बीजापुर का रहने वाला अन्वेष केकेबीएन (KKBN) डिवीजन की 8वीं कंपनी में डिवीजनल कमेटी मेंबर (DCM) के पद पर तैनात था.
खुफिया जानकारी मिली है कि 29 जनवरी 2026 को स्टेट कमेटी मेंबर (SCM) शुकु ने अपने साथियों के साथ मिलकर अन्वेष की हत्या कर दी. संगठन को डर था कि अन्वेष के आत्मसमर्पण से समूह कमजोर होगा और अन्य कैडरों में भी दलबदल की भावना पैदा होगी.
कंधमाल के पुलिस अधीक्षक (SP) हरीशा बी.सी. ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आत्मसमर्पण कर चुके पूर्व माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर शव को जमीन से खोदकर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम कराया गया है.
पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस के बढ़ते दबाव और निरंतर अभियानों से माओवादी कैडर डरे हुए हैं और सुरक्षित रास्तों की तलाश में हैं, लेकिन संगठन के भीतर से मिलने वाली जान से मारने की धमकियां उन्हें रोक रही हैं.