ओडिशा: सुंदरगढ़ में हिंसक झड़प के बाद इंटरनेट बंद और धारा 163 लागू
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के सुंदरगढ़ शहर में गुरुवार को एक खाद्य पदार्थ को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं और धारा 163 (बीएनएस) लागू कर दी है. रीजेंट मार्केट इलाके में हुई इस झड़प में पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 12 लोग घायल हुए हैं.
उपद्रवियों ने एक-दूसरे पर पत्थरों और धारदार हथियारों से हमला किया, जिसे देखते हुए प्रशासन ने शहर में किसी भी प्रकार की रैली या सभा पर रोक लगा दी है. सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार, 16 जनवरी को सुंदरगढ़ नगर पालिका क्षेत्र के सभी स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे.
सुंदरगढ़ के कलेक्टर शुभंकर महापात्र ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार शाम 6 बजे से 24 घंटों के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं.
वर्तमान में इलाके में पुलिस की 10 प्लाटून तैनात हैं और स्थिति नियंत्रण में है.
एसपी अमृत पाल कौर के अनुसार, पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर रही है और इस मामले में दो केस दर्ज किए जा रहे हैं.
अस्पताल और दूध जैसी आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन जल्द ही क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित करेगा.