न्यूयॉर्क: ब्रुकलिन में ताश के पत्तों की तरह ढही तीन मंजिला इमारत, 8 लोगों दर्दनाक मौत, 17 घायल
बगल की खुदाई बनी काल: ब्रुकलिन में बगल के प्लॉट में चल रही खुदाई के दौरान एक तीन मंजिला इमारत अचानक गिर गई. इस हादसे में बच्चों समेत 8 लोगों की जान चली गई है, जबकि दमकलकर्मी मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश में जुटे हैं.
नई दिल्ली । डेस्क: न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन इलाके में एक निर्माण स्थल के किनारे बनी तीन मंजिला इमारत के अचानक ढह जाने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है. शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने गुरुवार को इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में 3 दमकलकर्मियों समेत कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं. मलबे के नीचे अभी और कितने लोग दबे हो सकते हैं, यह स्पष्ट नहीं है, जिसके चलते दमकलकर्मी लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं.
यह हादसा बुधवार दोपहर को उस समय हुआ जब बगल के खाली प्लॉट में निर्माण कार्य के लिए खुदाई की जा रही थी. इमारत के गिरने से पूरे इलाके में धूल और धुएं का गुबार छा गया. पास के एक सैलून में काम करने वाली हेयरस्टाइलिस्ट ब्रिगिट अनामा ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज सुनकर लोग बाहर भागे, जहां चारों तरफ सिर्फ धूल ही धूल थी.
बचाव कर्मियों ने मलबे से एक बच्चे समेत कई लोगों को बाहर निकाला. बुधवार को दो मौतों की पुष्टि हुई थी, जबकि गुरुवार को मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई. अधिकारियों के अनुसार, मृतकों और घायलों में कम से कम सात बच्चे शामिल हैं.
सैकड़ों दमकलकर्मी, पुलिस अधिकारी और खोजी कुत्ते पूरी रात मलबे को हटाकर लोगों को तलाशने में लगे रहे. बुधवार रात मलबे से एक गर्भवती महिला को स्ट्रेचर पर सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.
हालांकि, गुरुवार दोपहर को भारी बारिश के अनुमान ने बचाव कार्य की चुनौतियां बढ़ा दी हैं. अग्निशमन विभाग की आयुक्त लिलियन बोंसिग्नोर ने कहा कि बारिश से मलबा कीचड़ में बदल जाएगा, लेकिन टीम हर परिस्थिति में काम जारी रखेगी. इस हादसे में पास की एक अन्य इमारत की दीवार भी उखड़ गई, जिससे अंदर के कमरे बाहर से नजर आने लगे.
मृतकों में इक्वाडोर से आए 26 वर्षीय निर्माण श्रमिक जोस लुइस कागुआना भी शामिल हैं, जो अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे. उनके परिवार में गर्भवती पत्नी और एक छोटा बच्चा है. ब्रुकलिन के व्यस्त फ्लैटबुश एवेन्यू के पास हुए इस हादसे के बाद इलाके में आवाजाही रुकी हुई है.
शहर के भवन विभाग ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. भवन आयुक्त अहमद तिगानी के अनुसार, बगल के प्लॉट में खुदाई के दौरान ही इमारत कमजोर होकर गिरी.
रिकॉर्ड के मुताबिक, मार्च में सुरक्षा मानकों की कमी के कारण इस निर्माण कार्य पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अप्रैल में नियमों का उल्लंघन कर काम फिर शुरू कर दिया गया. मई में सुधार के बाद काम की अनुमति दी गई थी. मेयर ममदानी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.