नेपाल: फ्री वर्ल्ड कप लाइव स्ट्रीमिंग के पर लाखों की ठगी
काठमांडू । डेस्क: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नजदीक आते ही नेपाल में फुटबॉल प्रशंसकों के उत्साह का फायदा उठाकर साइबर अपराधियों ने ठगी का एक बड़ा जाल बिछा दिया है. सोशल मीडिया पर मुफ्त में वर्ल्ड कप मैच दिखाने का झांसा देने वाले भ्रामक विज्ञापनों की बाढ़ आ गई है, जिसके कारण देश में साइबर धोखाधड़ी के मामलों में भारी उछाल आया है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जालसाज दर्शकों को आकर्षित करने के लिए फिशिंग लिंक और अनधिकृत मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने का लालच दे रहे हैं.
जैसे ही कोई यूजर इन लिंक्स पर क्लिक करता है, उसका फोन हैकर्स के नियंत्रण में चला जाता है और उसके बैंक खातों से पलक झपकते ही पैसे गायब हो जाते हैं.
हाल ही में चाबहिल के रहने वाले अनिल डंगोल महर्जन इस नए साइबर फ्रॉड का शिकार बने. फेसबुक स्क्रॉल करते समय उन्हें "NBTV" नाम के एक प्लेटफॉर्म का विज्ञापन दिखा, जिसमें मुफ्त में वर्ल्ड कप दिखाने का दावा किया गया था. मोबाइल पर बिना पैसे दिए मैच देखने के लालच में उन्होंने जैसे ही लिंक पर क्लिक कर ऐप डाउनलोड करने की कोशिश की, उनका फोन पूरी तरह फ्रीज हो गया.
हालांकि उनका फोन काम नहीं कर रहा था, लेकिन उनके फोन से कनेक्टेड स्मार्टवॉच पर लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे. हैकर्स ने तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल तीन लाख रुपये उड़ा लिए. फोन बंद करने के बाद भी सुबह तक उनके फोन पर रीस्टार्ट करने के संदिग्ध मैसेज आते रहे.
विशेषज्ञों का कहना है कि जब यूजर ऐसे फर्जी ऐप्स को फोन में डाउनलोड कर फिंगरप्रिंट या फेशियल रिकग्निशन से स्क्रीन अनलॉक करते हैं, तो हैकर्स को बैंकिंग ऐप्स का रिमोट एक्सेस मिल जाता है.
ऐसा ही एक अन्य मामला कावरे से भी सामने आया है, जहां एक युवक के भाई ने फेसबुक पर दिख रहे लिंक से ऐप इंस्टॉल किया, जिसके तुरंत बाद उनका फोन खुद-ब-खुद बंद होकर दोबारा चालू हुआ और उनकी आंखों के सामने ही मोबाइल बैंकिंग ऐप खुलकर तीन लाख रुपये साफ हो गए.
नेपाल पुलिस के साइबर ब्यूरो के अनुसार, पिछले महज 10 से 12 दिनों के भीतर ही वर्ल्ड कप के नाम पर होने वाले इन घोटालों के जरिए अपराधियों ने करीब 75 लाख रुपये की ठगी की है. इस छोटी सी अवधि में ब्यूरो को 50 से अधिक लिखित शिकायतें मिल चुकी हैं.
साइबर ब्यूरो के प्रवक्ता दिलीप कुमार गिरी ने बताया कि फेसबुक पर मुफ्त लाइव स्ट्रीमिंग का झांसा देकर लोगों को फिशिंग साइट्स पर भेजा जा रहा है. पुलिस फिलहाल बैंकों के साथ समन्वय कर रही है ताकि इन ठगों के खातों को फ्रीज किया जा सके और पैसों को रिकवर किया जा सके, लेकिन रकम को कई छोटे-छोटे खातों में ट्रांसफर किए जाने के कारण जांच में वक्त लग रहा है.
पुलिस के हालिया आंकड़ों के मुताबिक सोशल मीडिया फ्रॉड के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिसमें अकेले फेसबुक, मैसेंजर और टिकटॉक से जुड़े हजारों मामले दर्ज हैं. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए साइबर ब्यूरो ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक या अनधिकृत एपीके फाइलों को डाउनलोड न करें.
नेपाल में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के मैचों के आधिकारिक प्रसारण अधिकार केवल 'हिमालय स्पोर्ट्स एचडी' टेलीविजन चैनल और 'डीजीओ' (DGO) मोबाइल एप्लीकेशन के पास हैं. इसके अलावा किसी भी अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के पास मैच दिखाने की अनुमति नहीं है.
अधिकारियों ने साफ किया है कि मामूली पैसों की बचत के चक्कर में किसी भी संदिग्ध विज्ञापन पर भरोसा करना वित्तीय और व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है.