शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

नारायणपुर: 7 IED बरामद कर किए गए नष्ट, बड़ी साजिश नाकाम

C

CG Khabar

06 अक्टू. 2026, 02:27 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

नारायणपुर IED बरामद
नारायणपुर IED बरामद

नारायणपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान 7 आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद कर उन्हें मौके पर ही निष्प्रक्रिय कर दिया. इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका टल गई है.


नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी (ITBP) की 29वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने सोमवार को भटबेड़ा, मक्सोली और रैनार के संवेदनशील इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया. 


इस दौरान टीम को 6 प्रेशर कुकर आईईडी और 1 पाइप-बम आईईडी मिले. विस्फोटक के साथ-साथ आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जैसे मल्टीमीटर, स्क्रूड्राइवर, सोल्डरिंग वायर, सोल्डरिंग आयरन और वाहनों की चाबियां भी जब्त की गईं.


संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद जवानों ने तुरंत पूरे क्षेत्र को सील कर सुरक्षा घेरा बनाया. इसके बाद बम निरोधक दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया, जिसने सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए विस्फोटक सामग्री को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया.


यह पूरा ऑपरेशन पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, आईटीबीपी के कमांडेंट अभिषेक सूद और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन्स) अक्षय सबदराम के मार्गदर्शन में संचालित किया गया. 

नारायणपुर पुलिस के अनुसार, इस संयुक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. फिलहाल पूरे इलाके में कड़ी चौकसी बरती जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP