नंदीग्राम उपचुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान गिरफ्तार
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि उसके उम्मीदवार मिलन प्रधान को 2007 के नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन से जुड़े एक पुराने मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
मिलन प्रधान को पूर्व मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर स्थित एक होटल से हिरासत में लिया गया. इसके अलावा, पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में कांग्रेस नेता सुभाशीष भट्टाचार्य को भी हिरासत में ले लिया गया है.
यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब कुछ ही घंटे पहले तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने इस उपचुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवार की जगह कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन देने का ऐलान किया था.
दरअसल, ममता बनर्जी के गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद अचानक अपना नामांकन वापस ले लिया था. इस मुलाकात की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी.
कांग्रेस नेतृत्व ने इस गिरफ्तारी को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक साजिश करार दिया है.
कांग्रेस नेता का कहना है कि मिलन प्रधान 2007 के नंदीग्राम आंदोलन की अगुवाई कर रहे थे और उनके खिलाफ दर्ज मामले काफी पुराने हैं. पार्टी का आरोप है कि नामांकन दाखिल करने और ममता बनर्जी के समर्थन के बाद विपक्ष की स्थिति मजबूत होते देख बीजेपी के इशारे पर यह दमनकारी कार्रवाई की गई है.