नागपुर: वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस का रिसाव, कई लोग अस्पताल में भर्ती
नागपुर । डेस्क: नागपुर के गोधनी गांव स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में देर रात एक बड़े हादसे में क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया. सोमवार तड़के करीब 1 बजे 900 किग्रा क्षमता वाले क्लोरीन सिलेंडर से हुई इस लीकेज के कारण आसपास के रिहायशी इलाकों में जहरीली गैस फैल गई, जिससे स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई.
गैस के संपर्क में आने से कई लोगों को आंखों में जलन, तेज खांसी और सांस लेने में गंभीर तकलीफ का सामना करना पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही मनपा (NMC) अग्निशमन विभाग की गाड़ियां, ऑरेंज सिटी वाटर (OCW) के कर्मचारी और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची.
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्लांट के 200 मीटर के दायरे में आने वाले इलाके को खाली कराया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी.
सांस की समस्या से प्रभावित कई लोगों को पुलिस और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कई लोग खुद ही इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे. करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 5:30 बजे रिसाव पर काबू पाया गया.
इसके बाद एनडीआरएफ और दमकलकर्मियों ने गैस के असर को पूरी तरह बेअसर करने के लिए सिलेंडर को कास्टिक सोडा मिले पानी के टैंक में डुबो दिया.
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मानकापुर थाना पुलिस ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.