रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

स्विट्जरलैंड में नए साल के जश्न में आग से 40 की मौत

स्विट्जरलैंड में नए साल के जश्न के दौरान भीषण आग से 40 मृत

C

CG Khabar

01 जन. 2026, 02:14 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

स्विट्जरलैंड में भीषण आग
स्विट्जरलैंड में भीषण आग

क्रैंस-मोंटाना (स्विट्जरलैंड) । डेस्क: स्विट्जरलैंड के आलीशान स्की रिसॉर्ट क्रैंस-मोंटाना में नए साल के जश्न के दौरान एक खचाखच भरे बार में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया है. गुरुवार तड़के 'ले कॉन्स्टेलेशन' (Le Constellation) नामक बार में लगी इस आग में दर्जनों लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि लगभग 100 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है. 


इतालवी विदेश मंत्रालय ने स्विस पुलिस के हवाले से मृतकों की संख्या लगभग 40 बताई है, हालांकि स्विस अधिकारियों ने अभी तक किसी सटीक आंकड़े की पुष्टि नहीं की है.

विज्ञापन


शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ. बताया जा रहा है कि बार में एक शैंपेन की बोतल पर जलती हुई 'बर्थडे कैंडल' छत के बहुत करीब पहुंच गई थी, जिससे लकड़ी की छत ने तेजी से आग पकड़ ली. देखते ही देखते आग पूरे बार में फैल गई और वहां भगदड़ मच गई. पहले इसे धमाका माना जा रहा था, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह एक दुर्घटना थी, न कि कोई हमला.


हादसे के बाद बचाव कार्य के लिए 10 हेलीकॉप्टर और 40 एंबुलेंस तैनात की गईं. पीड़ितों को बर्न यूनिट्स और विशेषज्ञ अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. 


स्विस राष्ट्रपति गाय पारमेलिन ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे पूरे देश के लिए शोक का क्षण बताया है. फिलहाल इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और फॉरेंसिक टीमें पीड़ितों की पहचान करने में जुटी हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP