स्कूल यूनिफॉर्म में नाबालिगों ने खरीदी शराब, MP में बवाल
मंडला । डेस्क: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर में एक सरकारी शराब की दुकान से स्कूल यूनिफॉर्म पहने कुछ नाबालिग लड़कियों द्वारा शराब खरीदने का मामला सामने आया है. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद व्यापक आलोचना और हड़कंप मच गया है.
वायरल वीडियो में (जिसकी सत्यता की पुष्टि 'सीजीखबर डॉट कॉम' ने नहीं की है) स्कूल की पोशाक पहनी एक लड़की को एक सरकारी शराब की दुकान से शराब खरीदते हुए देखा जा रहा है. उसने अपना चेहरा ओढ़नी से ढका हुआ है. उससे कुछ दूरी पर स्कूल यूनिफॉर्म और ओढ़नी में कुछ अन्य किशोरियां भी खड़ी दिखाई दे रही हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि शराब बेचने वाला कर्मचारी बिना कोई सवाल किए आसानी से नाबालिगों के हाथ में शराब की बोतल थमा रहा है.
वीडियो सामने आते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है. वीडियो वायरल होने के कुछ ही घंटों के भीतर सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) आशुतोष ठाकुर तहसीलदार और स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुँचे और तुरंत जांच शुरू कर दी गई.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में नाबालिगों को शराब बेचने की पुष्टि हुई है, जो कानूनन अपराध है. हालांकि, विस्तृत जानकारी जुटाने का प्रयास जारी है. आबकारी विभाग भी इस मामले की जांच कर रहा है.
जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडे ने कहा, "दुकान के जिस कर्मचारी ने नाबालिगों को शराब बेची है, उसे तत्काल नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा. इस तरह की घटना न केवल शराब बेचने के लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन है, बल्कि एक दंडनीय अपराध भी है."
पुलिस ने जांच के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए हैं और दुकान के मालिक से पूछताछ की जा रही है. जांच टीमें यह भी पता लगा रही हैं कि किशोरियां खुद शराब खरीदने आई थीं या किसी और ने उन्हें भेजा था. दोष सिद्ध होने पर संबंधित विक्रेता का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है और जुर्माना भी लगाया जा सकता है.