गोवा के नाइट क्लब में भीषण आग: 25 की मौत, 6 घायल
गोवा । डेस्क: उत्तरी गोवा के आरपोरा में 'बर्च बाय रोमियो लेन' (Birch by Romeo Lane) नाइट क्लब में आधी रात के बाद लगी भीषण आग में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए. गोवा पुलिस ने यह जानकारी दी.
शुरुआत में पुलिस ने 23 मौतों की पुष्टि की थी, लेकिन बाद में 2 और शव बरामद होने के बाद मरने वालों की संख्या 25 हो गई.
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, मृतकों में चार पर्यटक और 14 क्लब के स्टाफ सदस्य शामिल हैं. बाकी सात शवों की पहचान अभी तक साबित नहीं हो पाई है. घायलों का इलाज जारी है.
पुलिस जहां इस भयानक हादसे की वजह सिलेंडर विस्फोट बता रही है, वहीं कुछ चश्मदीदों का दावा है कि आग क्लब की पहली मंजिल से शुरू हुई, जहां पर्यटक डांस कर रहे थे. एक चश्मदीद के अनुसार, हादसे के वक्त डांस फ्लोर पर करीब 100 लोग मौजूद थे. बचने की कोशिश में, कुछ लोग नीचे क्लब के रसोईघर की ओर भागे, जहां वे स्टाफ के साथ फंस गए.
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि मरने वालों में अधिकांश क्लब के रसोईकर्मी थे, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं.
इस हृदय विदारक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से फोन पर बात कर स्थिति का जायजा लिया.
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' (X) पर पोस्ट किया: "गोवा के आरपोरा में आग की दुर्घटना बेहद दुखद है. मेरे विचार उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ."
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से ₹2 लाख की अनुग्रह राशि और घायलों को ₹50,000 दिए जाने की घोषणा की है.