भारत-अमेरिका के बीच जल्द होंगे बड़े ऊर्जा सौदे, मोदी-ट्रंप ने की सुरक्षा पर बात
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को टेलीफोन पर विस्तृत बातचीत की, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग और कई बड़े व्यापारिक समझौतों पर चर्चा हुई. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के अनुसार, आने वाले कुछ हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा क्षेत्र सहित कई 'बिग-टिकट' सौदे होने की उम्मीद है.
लगभग 40 मिनट तक चली इस बातचीत में पश्चिम एशिया के हालात और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण हॉर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया गया.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस बातचीत की जानकारी साझा करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप को अपना 'मित्र' बताया और कहा कि दोनों देश अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
Received a call from my friend President Donald Trump. We reviewed the substantial progress achieved in our bilateral cooperation in various sectors. We are committed to further strengthening our Comprehensive Global Strategic Partnership in all areas. We also discussed the…
— Narendra Modi (@narendramodi) April 14, 2026
गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच हालिया शांति वार्ता के बाद दोनों नेताओं के बीच यह इस साल की तीसरी बातचीत थी.
शांति वार्ताओं में फिलहाल गतिरोध बना हुआ है और 22 अप्रैल तक का अस्थायी संघर्षविराम लागू है. बातचीत के अंत में राष्ट्रपति ट्रंप ने गर्मजोशी दिखाते हुए पीएम मोदी से कहा, "मैं चाहता हूं कि आप जानें कि हम सब आपसे प्यार करते हैं."