महुआ मोइत्रा का आरोप: अमित मालवीय ने नोएडा में आरोपी को भागने में की मदद
कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के नोएडा में पश्चिम बंगाल पुलिस की कानूनी कार्रवाई में हस्तक्षेप किया. महुआ मोइत्रा के अनुसार, बंगाल पुलिस एक व्यक्ति के खिलाफ कोर्ट द्वारा जारी गैर-जमानती वारंट तामील करने पहुंची थी, जिस पर सांसद से जुड़ी फर्जी और मनगढ़ंत चैट सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है.
मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कुछ वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि अमित मालवीय ने नोएडा पुलिस को कथित तौर पर निर्देश देकर बंगाल पुलिस की कार्यवाही रुकवाई, जिससे आरोपी को भागने का मौका मिल गया.
इधर, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की पुलिस ने भी पुष्टि की है कि उनकी टीम जब नोएडा के सेक्टर 110 स्थित एक अपार्टमेंट पहुंची, तो कुछ राजनीतिक हस्तियों के हस्तक्षेप के बाद कानूनी प्रक्रिया में बाधा डाली गई.
पुलिस के मुताबिक, साइबर सेल की जांच में यह साफ हो चुका है कि जो चैट स्क्रीनशॉट फैलाए जा रहे थे, वे पूरी तरह फर्जी थे.
दूसरी ओर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बंगाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. मजूमदार ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पुलिस निष्पक्ष है और कानून के अनुसार काम करती है, जबकि बंगाल पुलिस राजनीतिक प्रतिशोध के तहत दूसरे राज्यों में जाकर अति-सक्रियता दिखा रही है.