महादेव सट्टा ऐप केस: ईडी ने 940.77 करोड़ की संपत्तियां कीं कुर्क
रायपुर | संवाददाता: महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज अवैध सट्टेबाजी (बेटिंग) ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने कारोबारी विकास गर्ग, उनके परिजनों और उनसे जुड़ी कंपनियों की 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क (प्रोविजनल अटैच) किया है.
ईडी की रायपुर जोनल इकाई ने यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत की है. एजेंसी के अनुसार, इस कार्रवाई के बाद महादेव सट्टा ऐप मामले में अब तक कुर्क की गई कुल संपत्तियों का मूल्य 3,800 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है.
ईडी ने बताया कि कुर्क की गई संपत्तियों में मकान, भूखंड, कंपनियों के शेयर और अन्य निवेश शामिल हैं. जांच के दौरान इन संपत्तियों का संबंध महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से सामने आया है.
जांच एजेंसी का कहना है कि महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज के जरिए संचालित अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच लगातार जारी है. इसी कड़ी में अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है.