मध्य प्रदेश: अनूपपुर में चार मंजिला लॉज गिरा, दो की मौत
अनूपपुर । डेस्क: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा कस्बे में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जहां बस स्टैंड के पास स्थित चार मंजिला 'अग्रवाल लॉज' अचानक भरभरा कर गिर गया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है और पांच अन्य घायल हैं.
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान हनुमान दीन यादव (55) और रामकृपाल यादव (50) के रूप में हुई है.
घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं. मलबे में अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसके चलते रात भर सर्च ऑपरेशन चलाया गया.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि 10 साल पुरानी इस इमारत के पास ही निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे एक जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ पूरी इमारत जमींदोज हो गई और धूल का गुबार छा गया.
घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए शहडोल रेफर किया गया है.
मौके पर पहुंचे जिला प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार और राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने बचाव कार्य का जायजा लिया.
मंत्री अहिरवार ने आश्वासन दिया है कि हादसे की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सरकार की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को उचित इलाज मुहैया कराना है.