आत्मनिर्भर भारत के लिये आवश्यक है 'मेड इन इंडिया' चिप- पीएम मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के जेवर में 'इंडेक्स चिप प्राइवेट लिमिटेड' के आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी. वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि विकसित भारत के निर्माण के लिए आत्मनिर्भरता आवश्यक है, जिसमें 'मेड इन इंडिया' चिप की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी.
उन्होंने कोविड-19 महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि सप्लाई चेन बाधित होने से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ा था, जिससे सबक लेते हुए भारत अब घरेलू चिप उत्पादन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.
यह परियोजना एचसीएल (HCL) और फॉक्सकॉन (Foxconn) का 60:40 के अनुपात वाला एक संयुक्त उद्यम है, जिसमें अगले कुछ वर्षों में लगभग 3,700 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. जेवर के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में स्थित यह कारखाना 2028 तक चालू होने की उम्मीद है, जहाँ मुख्य रूप से डिस्प्ले ड्राइवर चिप्स का निर्माण होगा.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस अवसर पर बताया कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में विश्व में तीसरे स्थान पर पहुँच गया है और यह नया प्लांट हर महीने 3.6 करोड़ चिप्स का उत्पादन करेगा, जो डिजिटल स्क्रीन के 'मस्तिष्क' के रूप में कार्य करेंगे.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस परियोजना से 3,500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा और देश की सप्लाई चेन मजबूत होगी.