गुरू, 19 नव. 2026

CGKhabar

लोक अदालत: एक दिन में 71.94 लाख मामलों का निपटारा

C

CG Khabar

15 मार्च 2026, 09:13 AM 2 मिनट में पढ़ें 17

कोर्ट
कोर्ट

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में न्याय प्रक्रिया को सुलभ और त्वरित बनाने की दिशा में वर्ष 2026 की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत ने शनिवार को सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए. पूरे प्रदेश में आयोजित इस महा-अभियान के दौरान कुल 71,94,079 मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया गया, जिसमें कुल 37,332.45 करोड़ रुपये की अवार्ड राशि पारित की गई. 


इस वृहद आयोजन का औपचारिक शुभारंभ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (CGSLA) के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा द्वारा दुर्ग जिला एवं सत्र न्यायालय में किया गया. 

विज्ञापन


इस अवसर पर दुर्ग जिले के पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति नरेश कुमार चंद्रवंशी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. मुख्य न्यायाधीश ने इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि न्यायिक बैकलॉग को कम करने और प्रभावी विवाद समाधान के लिए सभी हितधारकों का सामूहिक सहयोग अनिवार्य है.


इस बार लोक अदालत को एक सांस्कृतिक रंग देते हुए मुख्य न्यायाधीश ने मध्यस्थता और लोक अदालत के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए छत्तीसगढ़ की पारंपरिक 'पंडवानी' शैली में रचित एक विशेष थीम सॉन्ग लॉन्च किया. इसका उद्देश्य आम जनता तक न्याय का संदेश उनकी अपनी संस्कृति के माध्यम से पहुंचाना है. 


लोक अदालत के दौरान आपराधिक शमनीय अपराध, नागरिक विवाद, राजस्व मामले, प्री-लिटिगेशन केस और ट्रैफिक चालान जैसे विविध विषयों पर सुनवाई हुई. अकेले दुर्ग जिले की बात करें तो यहाँ 39 बेंचों के माध्यम से 10,13,826 मामलों पर विचार किया गया, जिनमें से रिकॉर्ड 10,13,730 मामलों का निपटारा हुआ. दुर्ग में कुल 49.60 करोड़ रुपये से अधिक की समझौता राशि तय की गई.


कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें तकनीक और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला. दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था की गई, वहीं बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए मोबाइल अवेयरनेस वैन को उनके घर तक भेजा गया. 


दुर्ग जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं और वादियों के लिए सामाजिक संस्थाओं द्वारा लंगर का आयोजन किया गया. साथ ही, केंद्रीय जेल दुर्ग के कैदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर ने इस विधिक उत्सव को एक सामाजिक सरोकार में बदल दिया. 


विभिन्न लॉ कॉलेजों के छात्रों ने भी इस प्रक्रिया को करीब से देखने में उत्साह दिखाया. मुख्य न्यायाधीश ने प्रदेश के सभी 23 जिलों की कार्यवाही की वर्चुअली समीक्षा करते हुए इसे त्वरित और सस्ते न्याय की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
राहुल द्रविड़ और अमनदीप खरे
छत्तीसगढ़ विशेष

रणजी ट्रॉफी में रनों की बारिश के बावजूद टीम इंडिया और इंडिया-ए से दूर छत्तीसगढ़ का कप्तान

5 दिन पहले

C.V. Raman University
छत्तीसगढ़ विशेष

सावधान! क्या आपकी भी डिग्री C.V. Raman University से है?

5 दिन पहले

SIR- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़: मतदाता सूची में नाम जोड़ने व सुधार 11 दिसंबर तक, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

6 दिन पहले

स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

1 सप्ताह पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

1 सप्ताह पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP