दाऊद इब्राहिम के डर से छोड़ी क्रिकेट की दुनिया- ललित मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने एक इंटरव्यू में बेहद चौंकाने वाले दावे किए हैं. ललित मोदी का कहना है कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से मिले रहे खतरों के कारण ही उन्हें क्रिकेट प्रशासन से दूर होना पड़ा.
उन्होंने आरोप लगाया कि आईपीएल के शुरुआती वर्षों में मैच फिक्सिंग को बढ़ावा देने से इनकार करने पर उन पर तीन बार जानलेवा हमले हुए और लंदन में उनके बेटे का अपहरण भी किया गया था.
समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में ललित मोदी ने कहा कि माफिया ने उन्हें फिक्सिंग के बदले करोड़ों डॉलर की पेशकश की थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया.
इसके बाद उनके और उनके परिवार पर लगातार दबाव बनाया गया.
उन्होंने दावा किया कि मुंबई, दक्षिण अफ्रीका (2009 आईपीएल के दौरान) और मोंटेनेग्रो में उन पर हमले की साजिश रची गई थी, जिसे भारतीय और विदेशी सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया. उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने उन्हें 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा दी थी और उनके घर के बाहर गोलीबारी भी हुई थी.
ललित मोदी ने जोर देकर कहा कि उनके नेतृत्व में आईपीएल के पहले तीन साल के दौरान कोई फिक्सिंग नहीं हुई थी.
गौरतलब है कि साल 2013 के आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग घोटाले में एस. श्रीसंत सहित कई खिलाड़ियों की गिरफ्तारी के बाद अंडरवर्ल्ड और सट्टेबाजी के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ था, जिसकी जांच तत्कालीन दिल्ली पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार ने की थी.
वहीं दूसरी ओर, ललित मोदी खुद भी साल 2010 से वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों का सामना कर रहे हैं, जिसके बाद बीसीसीआई ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था, हालांकि मोदी हमेशा इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं.