कोलकाता: निर्माणाधीन गोदाम ढहा, कई लोग दबे
कोलकाता । डेस्क: कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर ब्रेस ब्रिज रेलवे स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन तीन मंजिला गोदाम अचानक भरभराकर गिर गया. इस हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत होने की आशंका है, जबकि 16 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. मलबे के नीचे अभी भी कई मजदूरों के दबे होने की बात सामने आ रही है, जिन्हें निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव कार्य जारी है.
यह घटना दोपहर करीब 12:07 बजे ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर स्थित बेहेरा ब्रदर्स के एक गोदाम में हुई. स्थानीय निवासियों के अनुसार, जब यह ढांचा ढहा, तब उसके अंदर लगभग 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे. बताया जा रहा है कि यह तीन मंजिला लोहे और कंक्रीट का शेड पिछले एक साल से बन रहा था और इसमें मरम्मत का काम चल रहा था. ढलाई के काम के दौरान तीसरी मंजिल से लेकर जमीन तक का पूरा हिस्सा ढह गया, जिससे वहां मौजूद लोग मलबे में फंस गए.
घटना की सूचना मिलते ही तारातला थाना पुलिस, कोलकाता पुलिस का आपदा प्रबंधन समूह (DMG), नागरिक सुरक्षा और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. बाद में सेना के जवानों को भी राहत कार्य में लगाया गया.
मलबे को हटाने और लोहे के गर्डर्स को काटने के लिए क्रेन, भारी मशीनरी और गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है. बचावकर्मी मलबे के नीचे से आ रही आवाजों और चीखों के सहारे फंसे हुए लोगों तक पहुंचने के लिए वर्टिकल ड्रिलिंग भी कर रहे हैं.
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, करीब 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है. घायलों को इलाज के लिए सरकारी एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया है, जिनमें से 10 को ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, इनमें से 4 की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.
हादसे की खबर मिलते ही राज्य के मंत्री इंद्रनील खान, शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल, कोलकाता नगर निगम की कमिश्नर स्मिता पांडेय और भाजपा नेता राकेश सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और राजनेता मौके पर पहुंचे.
स्थानीय लोगों और दमकल विभाग के अधिकारियों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण के आरोप लगाए हैं. मंत्री इंद्रनील खान ने कहा कि दुर्घटना के कारणों और किसी भी तरह की अनियमितता की जांच की जाएगी, लेकिन इस समय हमारी पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की जान बचाना है.
यह जमीन श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट की है, जिसे लीज पर दिया गया था. हादसे को देखते हुए राज्य सचिवालय में आपदा प्रबंधन समूह द्वारा एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर (1070, 8697981070, 033-22143526/22535185) जारी किए गए हैं. फिलहाल आधिकारिक तौर पर हताहतों की अंतिम संख्या की पुष्टि होना बाकी है.