खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में कर्नाटक प्रथम स्थान पर रहा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में संपन्न खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में कर्नाटक प्रथम स्थान पर, द्वितीय स्थान पर ओडिशा और तृतीय स्थान पर झारखंड रहा. मेजबान छत्तीसगढ़ 9वें स्थान पर रहा.
खेल जगत के एक बड़े आयोजन में देश भर की खेल प्रतिभाओं का शानदार संगम देखने को मिला. इस प्रतियोगिता में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 3,800 एथलीटों ने हिस्सा लिया, जो इस आयोजन की व्यापकता और इसके बढ़ते महत्व को दर्शाता है.
एथलीटों ने कुल नौ अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी कुशलता का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता में कुल 106 स्वर्ण पदक दांव पर थे. खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती जैसे प्रमुख खेलों में स्वर्ण जीतने के लिए पूरा ज़ोर लगाया.
जहाँ एक ओर ओलंपिक खेलों का रोमांच था, वहीं दूसरी ओर भारत की पारंपरिक खेल विरासत को भी सम्मान दिया गया. मल्लखंभ और कबड्डी जैसे स्वदेशी खेलों को भी शामिल किया गया, जिसने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा.
छत्तीसगढ़ ने कुल 19 पदक (03 स्वर्ण, 10 रजत और 06 कांस्य) हासिल किए हैं. स्विमिंग में अनुष्का भगत ने 4 रजत पदक जीते, निखिल खलखो और न्यासा पैकरा ने भी पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया. एथलेटिक्स में सिद्धार्थ नागेश ने स्वर्ण और रजत पदक जीते, वहीं अन्य खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
वेटलिफ्टिंग में निकिता ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश की बेटियों का मान बढ़ाया. बालिका वर्ग फुटबॉल टीम ने स्वर्ण और बालक वर्ग हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया.
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक के लिए 2 लाख रुपये, रजत के लिए 1.5 लाख रुपये और कांस्य के लिए 1 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे. वहीं दलीय स्पर्धाओं में स्वर्ण के लिए 1 लाख रुपये, रजत के लिए 75 हजार रुपये और कांस्य के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों, कोच, आयोजन समिति, अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं को इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ जनजातीय खेलों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा.
उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत उन्हें ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक अवश्य पहुंचाएगी.
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मेरीकॉम और फुटबॉलर बाइचुंग भूटिया भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए.