शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

पेंड्रा में सर्राफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या

C

CG Khabar

27 मई 2026, 06:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में साप्ताहिक बाजार में अज्ञात बदमाशों ने 46 वर्षीय सर्राफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने और चांदी के गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए. इस सनसनीखेज हत्याकांड के विरोध में स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आज बुधवार को पेंड्रा में बंद का आह्वान किया है.


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार देर शाम कोटमी गांव के साप्ताहिक बाजार में हुई. पेंड्रा कस्बे के रहने वाले ज्वेलर्स प्रदीप सोनी (46) कोटमी बाजार में दुकान लगाने गए थे. शाम को जब वह बाजार बंद होने के बाद अपने गहने समेट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाश वहाँ पहुँचे और उनसे जेवरातों से भरा बैग छीनने की कोशिश की.


जब प्रदीप सोनी ने लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले बाजार के बीचों-बीच उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. 


बदमाश मौके से गहने लूटकर रफूचक्कर हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायल कारोबारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.


मृतक के परिजनों का दावा है कि लुटेरों ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण लूटे हैं. जिले के इस बड़े साप्ताहिक बाजार में हुई इस हत्या और लूट की वारदात से स्थानीय कारोबारियों में गहरा गुस्सा है. आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को स्थानीय व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं और विरोध प्रदर्शन किया.


घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया. जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए हैं, जहाँ परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. 


पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP