सोम, 16 नव. 2026

CGKhabar

हैदराबाद: 'वोट चोर' के नारे लगाकर वीजा नियमों के घेरे में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक

तेलंगाना सरकार के 'भारत सम्मेलन' में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक द्वारा लगाए गए 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे पर भारत की केंद्र सरकार और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

C

CG Khabar

16 नव. 2026, 01:42 PM 3 मिनट में पढ़ें 22

जियाकोमो फिलिबेक- इटली के नेता
जियाकोमो फिलिबेक- इटली के नेता

नई दिल्ली । डेस्क: हैदराबाद में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक की 'वोट चोर' टिप्पणी को लेकर बड़ा राजनीतिक और कूटनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. इस मामले पर भारतीय जनता पार्टी की कड़ी आपत्ति के बाद अब केंद्रीय सरकारी सूत्रों ने दावा किया है कि देश की आंतरिक राजनीति में हस्तक्षेप कर फिलिबेक ने वीजा नियमों का उल्लंघन किया है. 

दूसरी ओर, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की पार्टी ने भी अपने देश के नेता के इस बयान पर असंतोष व्यक्त किया है.

सरकारी सूत्रों के अनुसार, पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव फिलिबेक कॉन्फ्रेंस वीजा पर भारत आए थे, जो केवल किसी सम्मेलन में भाग लेने के उद्देश्य से दिया जाता है. सूत्रों का कहना है कि विदेशी नागरिक चाहे किसी भी वीजा पर आएं, उन्हें देश की आंतरिक राजनीति में दखल देने की अनुमति नहीं होती और ऐसा करना वीजा नियमों के उल्लंघन के दायरे में आता है.

इस पूरे विवाद की शुरुआत शनिवार को तब हुई, जब तेलंगाना की कांग्रेस सरकार द्वारा हैदराबाद में आयोजित 'भारत सम्मेलन' में राहुल गांधी और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सहित कई देशी-विदेशी हस्तियों के बीच फिलिबेक भी शामिल हुए. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पहले हिंदी में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया और फिर अंग्रेजी में इसकी व्याख्या की. 

इसके अलावा उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी के हालिया कार्यक्रम और मतदाता सूची का जिक्र करते हुए कहा कि 'एक व्यक्ति, एक वोट' के सिद्धांत पर ही लोकतंत्र टिका है और पारदर्शी मतदाता सूची के लिए उनका अभियान याद दिलाता है कि लोकतंत्र आसानी से नहीं मिलता.

इस घटनाक्रम पर केंद्र सरकार के मंत्रियों ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लिया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश-विदेश से वामपंथी विचारधारा के लोगों को बुलाकर 'भारत सम्मेलन' के नाम पर अंतरराष्ट्रीय मंच से भारत विरोधी विचार रखे गए, जिससे दुनिया में देश की छवि खराब हुई है. 

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या किसी विदेशी द्वारा भारत का अपमान किए जाने पर किसी को हंसते हुए देखा गया है. वहीं, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री संजय कुमार ने इस आयोजन को 'भारत विरोधी सम्मेलन' बताते हुए आरोप लगाया कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने विदेशी नेताओं को भारत की आंतरिक राजनीति में दखल देने का मंच प्रदान किया है.

विवाद बढ़ने पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की पार्टी 'फोर्जा इटालिया' ने भी इस बयान से किनारा कर लिया है. पार्टी की प्रमुख नेता डेबोरा बर्गामिनी ने फिलिबेक की टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि जो देश 97 करोड़ नागरिकों को मतदान का अवसर देता है, उसके लोकतंत्र पर किसी को पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में आरोप लगाने के लिए प्रमाण होना आवश्यक है और एक अत्यंत मित्र देश की आंतरिक राजनीतिक बहस में उलझना कतई उचित नहीं है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
पीएम मोदी- फाइल फोटो
देश-विदेश

फिलीपींस दौरे पर पीएम मोदी, आसियान के साथ क्वाड मंच पर ट्रंप संग होगी बैठक

14 मिनट पहले

गोपालगंंज- बांग्लादेश में अवामी लीग का उग्र प्रदर्शन
देश-विदेश

बांग्लादेश: गोपालगंज में प्रतिबंधित अवामी लीग का उग्र प्रदर्शन, जमकर तोड़फोड़ और आगजनी

2 घंटे पहले

अमित शाह- फाइल फोटो
देश-विदेश

विदेश में भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलेगी, राहुल गांधी गांवों का दौरा करें: अमित शाह

15 घंटे पहले

ललित मोदी
देश-विदेश

लंदन को घर मानने वाले IPL के संस्थापक ललित मोदी अब बने ब्रिटिश नागरिक

18 घंटे पहले

Police Encounter
देश-विदेश

प. बंगाल: कांस्टेबल पर हमला करने वाला रतन शेख पुलिस की गोली से ढेर, CM बोले- क्या पुलिस मिठाई खिलाए?

18 घंटे पहले

CRPF- सांकेतिक फोटो
देश-विदेश

सुकमा के मोर्चे से हटी CRPF की 1 बटालियन, अब मणिपुर में संभालेगी सुरक्षा की कमान

18 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP