सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

US सेना की कटौती के बाद सीरिया में ISIS का बढ़ता आतंक

C

CG Khabar

23 अक्टू. 2025, 05:05 PM 3 मिनट में पढ़ें 3

ISIS
ISIS

दमिश्क । डेस्क: पश्चिम एशिया के देश सीरिया में आतंकवादी संगठन 'इस्लामिक स्टेट' (आईएस) एक बार फिर सिर उठा रहा है. अमेरिका द्वारा सीरिया से अपनी सेना वापस बुलाने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा अमेरिकी सैन्य अड्डों की संख्या कम करने के निर्णय के बाद से आईएस ने देश में अपनी ताकत का प्रदर्शन फिर से शुरू कर दिया है.


हाल ही में, आईएस आतंकवादियों ने अमेरिकी-समर्थित कुर्द बलों के दो सैनिकों को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी. 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की एक रिपोर्ट के अनुसार, ये दोनों कुर्द सैनिक एक बाजार क्षेत्र से ट्रक में जा रहे थे, तभी बाइक पर सवार आईएस आतंकवादियों ने एके-47 से लैस होकर उनका रास्ता रोका और गोली मारकर तुरंत उनकी हत्या कर दी.

विज्ञापन


इस हमले के एक दिन बाद, बाजार क्षेत्र के विक्रेताओं ने अमेरिकी मीडिया को बताया कि वे बेहद डरे हुए हैं. एक दुकानदार ने कहा कि उन्होंने पहले कभी इस तरह खुलेआम आईएस आतंकवादियों का हमला नहीं देखा. उन्होंने आशंका जताई, "हम सभी बहुत डरे हुए हैं. वे (आईएस) वापस शहर में आ गए हैं."


गृहयुद्ध के दौरान, आईएस ने सीरिया के एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था. आईएस के 'साम्राज्य' को खत्म करने में अमेरिकी सेना को कुर्द के नेतृत्व वाले 'सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्स' (एसडीएफ) ने सहायता की थी, जिसका हिस्सा मारे गए दोनों सैनिक थे. 


इस ताजा हमले ने आईएस आतंकवाद के खिलाफ अमेरिकी सेना की सफलता पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं. अमेरिकी और कुर्द सेना अधिकारियों के अनुसार, आईएस आतंकवादी समय के साथ अपनी रणनीति में बदलाव ला रहे हैं.


आईएस, बशर-अल असद के पतन और सीरिया में अमेरिकी सेना की कमी को एक अवसर के रूप में इस्तेमाल कर रहा है. वे नए रंगरूटों की भर्ती और अपने प्रभाव क्षेत्र का विस्तार करने की कोशिश कर रहे हैं. पिछले साल दिसंबर में विद्रोहियों द्वारा दमिश्क पर कब्जा करने के बाद बशर-अल असद की सरकार गिर गई और बशर सीरिया छोड़कर भाग गए. 


'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' के अनुसार, बशर और उनके सहयोगियों के भाग जाने के बाद इस आतंकी समूह ने सीरिया के विभिन्न हथियारों के भंडारों को लूटा और उन हथियारों से अपने संगठन को फिर से संगठित करना शुरू कर दिया. हालाँकि वे अभी किसी क्षेत्र पर कब्ज़ा नहीं कर पाए हैं, लेकिन वे वहाँ की कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं.


एसडीएफ के आँकड़ों के अनुसार, इस साल अगस्त तक, आईएस आतंकवादियों ने सीरिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से में 117 हमले किए हैं. 2024 में पूरे वर्ष में आईएस आतंकवादियों का नाम 73 हमलों से जुड़ा था, जो इस साल और भी बढ़ गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP