हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में 1 मार्च से मोबाइल फोन पूरी तरह बैन
बिलासपुर । डेस्क: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छात्र हित में एक बड़ा निर्णय लेते हुए राज्य के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है. यह नियम 1 मार्च, 2026 से पूरे प्रदेश में प्रभावी होगा.
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बिलासपुर जिले के घुमारवीं में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलों (अंडर-19 महिला हैंडबॉल) के समापन समारोह के दौरान की. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्कूल घंटों और लंच ब्रेक के दौरान मोबाइल का बढ़ता उपयोग छात्रों की पढ़ाई और उनके आपसी संवाद में बाधा डाल रहा है.
इस नए नियम को सख्ती से लागू करने के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं. यदि कोई छात्र स्कूल परिसर में मोबाइल फोन के साथ पाया जाता है, तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और फोन जब्त कर लिया जाएगा. इसके साथ ही, संबंधित छात्र के अभिभावकों के लिए स्कूल में अनिवार्य काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे.
बार-बार नियम तोड़ने वालों से निपटने के लिए शिक्षा विभाग को एक विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने स्वयं सरकारी स्कूल की पृष्ठभूमि से होने का हवाला देते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को अपनी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया.
शिक्षा के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप जीतने वाली हिमाचल की टीम को 20 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने और एशियाई खेलों में भाग लेने वाली महिला एथलीटों को सरकारी नौकरी देने का भी ऐलान किया.
इस अवसर पर उन्होंने घुमारवीं में इंडोर स्टेडियम और मोरसिंघी में गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण सहित कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का आश्वासन दिया. 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलों के फाइनल में हिमाचल प्रदेश ने राजस्थान को हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा.