सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

माली में 5 भारतीय नागरिकों का अपहरण

माली में 5 भारतीय नागरिक किडनैप, कंपनी ने पुष्टि की

C

CG Khabar

08 नव. 2025, 07:54 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

नकाबपोश
नकाबपोश

नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिमी अफ़्रीकी देश माली में बढ़ती अशांति और जिहादी हिंसा के बीच पांच भारतीय नागरिकों को बंदूकधारियों ने अगवा कर लिया है. उनकी कंपनी और एक सुरक्षा सूत्र ने शुक्रवार 7 नवंबर, 2025 को इस अपहरण की पुष्टि की.


सुरक्षा सूत्र ने एएफपी को नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इन कर्मियों को गुरुवार 6 नवंबर को पश्चिमी माली के कोबरी के पास बंदूकधारियों ने अगवा कर लिया था. ये भारतीय नागरिक एक ऐसी कंपनी के लिए काम कर रहे थे जो माली में इलेक्ट्रीफिकेशन परियोजनाओं पर काम कर रही है.

विज्ञापन


कंपनी के एक प्रतिनिधि ने एएफपी से बातचीत में कहा, "हम पांच भारतीय नागरिकों के अपहरण की पुष्टि करते हैं." उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी के लिए काम करने वाले अन्य भारतीयों को एहतियात के तौर पर राजधानी बमाको ले जाया गया है.


फिलहाल किसी भी समूह ने इन अपहरणों की जिम्मेदारी नहीं ली है.


माली इस समय एक सैन्य जुंटा के शासन में है और अल-कायदा तथा इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े आपराधिक समूहों और जिहादियों के बढ़ते उपद्रव पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहा है.


देश में सुरक्षा की बिगड़ती स्थिति ने आर्थिक संकट को और बढ़ा दिया है. अल-कायदा से जुड़े 'ग्रुप फॉर द सपोर्ट ऑफ इस्लाम एंड मुस्लिम्स' जैसे जिहादी समूहों ने ईंधन की सख़्त नाकेबंदी कर रखी है.


माली, 2012 से तख्तापलट और संघर्षों से जूझ रहा है, वहां विदेशियों को निशाना बनाकर किए जाने वाले अपहरण आम हैं. हाल ही में, सितंबर में 'ग्रुप फॉर द सपोर्ट ऑफ इस्लाम एंड मुस्लिम्स' जिहादियों ने बमाको के पास दो अमीराती नागरिकों और एक ईरानी को अगवा कर लिया था. सूत्रों के अनुसार, पीड़ितों को पिछले सप्ताह कम से कम 50 मिलियन डॉलर की फिरौती के बदले रिहा किया गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP