भीषण गर्मी: झारसुगुड़ा-रायगढ़ में दोपहर को गैर-एसी वाहनों और बाहरी काम पर रोक
झारसुगुड़ा । डेस्क: भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए ओडिशा के झारसुगुड़ा और छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है. शनिवार को दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच हुई एक उच्च स्तरीय अंतर-राज्यीय समन्वय बैठक में श्रमिकों और ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए कई कड़े कदम उठाए गए हैं.
ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने वर्चुअली जुड़कर निर्देश दिया कि एनएच-49 जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अत्यधिक गर्मी के कारण एक भी जान नहीं जानी चाहिए.
प्रशासन ने फैसला लिया है कि सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच गैर-एसी परिवहन वाहनों के आवागमन और बाहर किए जाने वाले श्रम कार्यों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा.
औद्योगिक घरानों और खनन कंपनियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे श्रमिकों के लिए छायादार विश्राम स्थल, प्राथमिक उपचार और हाइड्रेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करें.
सुरक्षा रोडमैप के तहत नेशनल हाईवे पर जगह-जगह पानी के टैंक, हाइड्रेशन कियोस्क और अस्थायी शेल्टर बनाए जाएंगे.
साथ ही, सड़कों पर पानी का छिड़काव और एनएच-49 पर एम्बुलेंस की तैनाती भी की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके. बैठक में झारसुगुड़ा कलेक्टर कुणाल मोतीराम चव्हाण, रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एमसीएल के सीएमडी उदय ए. काओले सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.