सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

पाकिस्तान से उच्च-शिक्षित पेशेवरों का पलायन तेज

C

CG Khabar

27 दिस. 2025, 04:50 PM 3 मिनट में पढ़ें 2

पाक से पलायन
पाक से पलायन

इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान इस समय अपने इतिहास के सबसे गंभीर मस्तिष्क पलायन (ब्रेन ड्रेन) के दौर से गुजर रहा है. आर्थिक संकट, राजनीतिक अस्थिरता और भविष्य को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के कारण बीते दो वर्षों में बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित और कुशल पेशेवर देश छोड़कर विदेश चले गए हैं.


पाकिस्तान सरकार की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 महीनों में देश ने करीब 5,000 डॉक्टर, 11,000 इंजीनियर और 13,000 चार्टर्ड अकाउंटेंट खो दिए हैं. ये आंकड़े सामने आने के बाद देश में तीखी बहस और आलोचना शुरू हो गई है, खासकर सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के उस बयान को लेकर, जिसमें उन्होंने इस पलायन को ‘ब्रेन ड्रेन’ नहीं बल्कि ‘ब्रेन गेन’ बताया था.

विज्ञापन


इस रिपोर्ट को सार्वजनिक करते हुए पूर्व सीनेटर मुस्तफा नवाज खोखर ने कहा कि जब तक राजनीति सही नहीं होगी, तब तक अर्थव्यवस्था भी नहीं सुधरेगी. उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान दुनिया के चौथे सबसे बड़े फ्रीलांसिंग हब में शामिल है, लेकिन बार-बार इंटरनेट बंद होने के कारण देश को लगभग 1.62 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है और करीब 23.7 लाख फ्रीलांस नौकरियां खतरे में पड़ गई हैं.


पाकिस्तान के ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन एंड ओवरसीज एम्प्लॉयमेंट के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में 7.27 लाख से अधिक पाकिस्तानियों ने विदेश में काम के लिए आवेदन किया था. वहीं, 2025 में नवंबर तक यह संख्या करीब 6.87 लाख पहुंच चुकी है. चिंता की बात यह है कि अब यह पलायन केवल मजदूर वर्ग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि डॉक्टर, इंजीनियर, नर्स और अन्य उच्च प्रशिक्षित पेशेवर भी तेजी से देश छोड़ रहे हैं.


स्वास्थ्य क्षेत्र पर इसका सबसे गंभीर असर पड़ा है. रिपोर्ट के अनुसार, 2011 से 2024 के बीच नर्सों के विदेश जाने की दर में 2,144 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि 2025 में भी यह रुझान जारी है.


इस स्थिति से निपटने के लिए सरकार ने हवाई अड्डों पर सख्ती बढ़ा दी है. वर्ष 2025 में अब तक 66 हजार से अधिक यात्रियों को विदेश जाने से रोका जा चुका है. अधूरे दस्तावेजों वाले यात्रियों पर भी रोक लगाई गई है. हालांकि, आलोचकों का कहना है कि ये कदम समस्या की जड़ पर वार नहीं करते.


सोशल मीडिया पर जनरल आसिम मुनीर के ‘ब्रेन गेन’ बयान को लेकर तीखा व्यंग्य देखने को मिल रहा है. लोगों का कहना है कि जब देश में शोध, उद्योग और रोजगार के अवसर नहीं होंगे, तो प्रतिभाशाली लोग देश छोड़ने को मजबूर होंगे. 


मौजूदा हालात में पाकिस्तान न सिर्फ कुशल मानव संसाधन खो रहा है, बल्कि सत्ता के दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई भी लगातार बढ़ती जा रही है. (Symbolic Photo)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP