चुनाव आयोग आज करेगा 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का एलान
नई दिल्ली । डेस्क: निर्वाचन आयोग रविवार, 15 मार्च 2026 को शाम 4 बजे असम, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यक्रम की घोषणा करने जा रहा है. इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में समाप्त हो रहा है, जिसके मद्देनजर आयोग ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद अंतिम चुनावी रोल भी प्रकाशित कर दिए हैं.
इस घोषणा से ठीक पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को 'G2' से हरी झंडी मिल गई होगी, क्योंकि 'G1' ने उद्घाटन, शिलान्यास और झंडी दिखाने का अपना दौर पूरा कर लिया है.
रमेश ने चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता (MCC) पर तंज कसते हुए इसे 'मोदी का प्रचार कोड' (Modi's Code of Campaigning) करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 के बाद से यह संहिता केवल मानहानि, अपशब्दों, डराने-धमकाने और झूठ फैलाने का जरिया बनकर रह गई है.
आज शाम होने वाली इस घोषणा के साथ ही इन राज्यों में चुनावी बिगुल बज जाएगा और आचार संहिता लागू हो जाएगी.