पूर्व केरल सीएम पिनाराई विजयन के घर पर ED का छापा
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के ठिकानों पर बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है. केरल उच्च न्यायालय से हरी झंडी मिलने के कुछ ही घंटों बाद, केंद्रीय एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री के कन्नूर और तिरुवनंतपुरम स्थित आवासों सहित राज्य भर में कुल 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. यह पूरी कार्रवाई कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़े कथित अवैध मासिक भुगतान मामले में धन शोधन की जांच के तहत की जा रही है.
जांच एजेंसी का यह बड़ा कदम केरल हाई कोर्ट द्वारा सीएमआरएल की उस याचिका को खारिज करने के बाद आया है, जिसमें मामले को रद्द करने की मांग की गई थी. इसके साथ ही कोर्ट ने कंपनी के अधिकारियों को ईडी के समक्ष पेश होने का निर्देश भी दिया था.
ईडी की टीमों ने सशस्त्र केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों के साथ सुबह-सुबह इन ठिकानों पर अपनी कार्रवाई शुरू की. इस छापेमारी के दायरे में पूर्व पर्यटन मंत्री और पिनाराई विजयन के दामाद पी.ए. मोहम्मद रियास का कोझिकोड स्थित आवास भी शामिल है.
यह पूरा विवाद पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी टी. वीना की अब बंद हो चुकी आईटी फर्म 'एक्सालोजिक सॉल्यूशंस' को 2017 से 2021 के बीच सीएमआरएल द्वारा कथित तौर पर बिना किसी ठोस सेवा के दिए गए मासिक भुगतान से जुड़ा हुआ है.
दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और उनकी बेटी टी. वीना लगातार इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं. उनका कहना है कि एक्सालोजिक और सीएमआरएल के बीच का अनुबंध पूरी तरह से वैध था, सभी लेनदेन बैंक खातों के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किए गए थे, और कंपनी ने नियमानुसार अपने आयकर का भुगतान भी किया था.
साल 2025 में इस मामले को लेकर गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) भी टी. वीना से पूछताछ कर चुका है.