दुर्ग: 11वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, कारण अज्ञात
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित कुम्हारी क्षेत्र के जांजगिरी गांव में 17 वर्षीय स्कूली छात्रा लीना साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली. वारदात के समय घर के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान जब गांव की ही एक युवती छात्रा से मिलने पहुंची, तो दरवाजा खुला था और अंदर छात्रा का शव फंदे पर लटका हुआ मिला.
उसने तत्काल इस घटना की जानकारी परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा.
पुलिस को घटनास्थल की सघन तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. इसके बाद जांच टीम ने मृतका के स्कूल जाकर उसकी सहेलियों और शिक्षकों से भी पूछताछ की, ताकि यह समझा जा सके कि वह किसी तनाव या समस्या में तो नहीं थी.
हालांकि, शुरुआती पूछताछ में आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट तथ्य सामने नहीं आ पाया है.
जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से एक रात पहले छात्रा ने भोजन नहीं किया था और घर वालों से भी बेहद शांत तरीके से बातचीत की थी. अगली सुबह उसकी बड़ी बहन टिफिन तैयार कर काम पर निकल गई और बाकी परिजन भी घर से चले गए, जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस फिलहाल छात्रा के मोबाइल फोन के इस्तेमाल, उसकी दिनचर्या और दोस्तों से जुड़ी जानकारियों की पड़ताल कर रही है, ताकि मौत की असली वजह का खुलासा हो सके.